Aug 19, 2026 Login

उत्तराखण्डः देहरादून के डोईवाला में भीषण सड़क हादसा! इको और पिकअप की जोरदार टक्कर, चार की मौत

Uttarakhand: Horrific road accident in Dehradun's Doiwala! Violent collision between an Eeco and a pickup truck; four dead.

डोईवाला। देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के पास बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में इको कार और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस के अनुसार, बुधवार को एक पिकअप वाहन हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर आगे की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक पिकअप का पिछला पहिया निकल गया। पहिया निकलने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही इको कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में इको में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय इको वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद वाहन में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पतालों में भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, गंभीर घायलों में से कुछ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों को हिमालयन हॉस्पिटल और देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल भेजा गया। इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।

पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई में जुटी है। हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। टोल के पास हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारु कराया जा सका। हादसे के दौरान हाईवे पर मौजूद लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई थी। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कर फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन की स्थिति की भी जांच की जा रही है। कोतवाली डोईवाला के एसआई नारायण व्यास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इको वाहन में सात लोग सवार थे। हादसे के बाद तीन गंभीर घायलों को सीएचसी डोईवाला में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दो घायलों को हिमालयन हॉस्पिटल भेजा गया, जबकि चार घायलों को देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इनमें से भी दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।