Aug 19, 2026 Login

नैनीताल:प्रशासन को 14 दिन की मोहलत, समाधान नहीं हुआ तो फिर होगा जनआंदोलन! लोअर मॉल रोड को लेकर व्यापार मंडल ने मांगा 10 साल के खर्च का वर्षवार ब्योरा

Nainital: The administration has been granted a 14-day extension. If the issue isn't resolved, a public protest will ensue! The Chamber of Commerce has requested a year-by-year breakdown of 10 years'

नैनीताल। लोअर मॉल रोड के पुनर्निर्माण और पिछले करीब एक वर्ष से प्रभावित यातायात व्यवस्था को लेकर मां नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल का धरना बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरने के पांचवें दिन व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित कर लोअर मॉल रोड के साथ ही नैनीताल की अन्य प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने कई मांगें रखी गईं। व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन निर्धारित समय में इन मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।

व्यापार मंडल ने कहा कि लोअर मॉल रोड के निर्माण कार्य की पिछले एक वर्ष की प्रगति की जांच जरूरी है। संगठन के अनुसार पूर्व में जहां छह दिनों में महज एक पाइलिंग का कार्य हो पा रहा था, वहीं अब बरसात के बावजूद तीन दिनों में पांच पाइलिंग पूरी किए जाने का दावा किया जा रहा है। व्यापार मंडल ने सवाल उठाया कि यदि काम की गति बढ़ाई जा सकती थी तो पहले इसमें इतना विलंब क्यों हुआ।

व्यापार मंडल ने कुमाऊं आयुक्त, मुख्यमंत्री के सचिव और जिलाधिकारी से मांग की है कि लोअर मॉल रोड में आई दरारों के कारणों और उनके तकनीकी उपचार की स्थिति स्पष्ट की जाए। पिछले एक वर्ष में निर्माण कार्य में हुई देरी की विस्तृत जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, जरूरत पड़ने पर मामले की जांच हाई कोर्ट की निगरानी में कराने तथा पिछले दस वर्षों में लोअर मॉल रोड पर हुए कुल खर्च का वर्षवार ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है।

संगठन ने मुख्य मार्ग एवं आगामी रणनीति को लेकर भी अपनी मांगें रखी हैं। व्यापार मंडल ने कहा कि जब तक लोअर मॉल रोड के दोनों ओर कैप हटाकर यातायात पूरी तरह सुरक्षित नहीं किया जाता और गति सीमा निर्धारित नहीं होती, तब तक 20 मिनट के भीतर वाली आपातकालीन स्थिति को छोड़कर मार्ग से जुड़े स्पष्ट नियम लागू किए जाएं।

व्यापार मंडल ने नो-हॉर्निंग जोन के निर्णय को भी तत्काल स्थगित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि जब तक लोअर मॉल रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक नो-हॉर्निंग जोन लागू करने का निर्णय स्थगित रखा जाना चाहिए।

व्यापार मंडल ने यह भी कहा कि यदि लोअर मॉल रोड की मरम्मत के लिए अपर मॉल रोड पर दोबारा यातायात बंद करना पड़ता है तो आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार के यातायात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और प्रशासन पहले से स्पष्ट यातायात योजना जारी करे।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर व्यापार मंडल ने मेट्रोपोल पार्किंग निर्माण की निश्चित समय-सीमा लिखित रूप में जारी करने तथा अशोक कैपिटल सिनेमा पार्किंग प्रस्ताव पर तत्काल अमल करने की मांग की। वहीं नैनीताल झील में सीधे गिर रहे विभिन्न सीवर नालों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग भी उठाई गई।

व्यापार मंडल ने पैडल मैदान के समीप हुए निर्माण, जलभराव की समस्या, मैदान की बाउंड्री तथा टाइलिंग से जुड़े मामलों की भी समीक्षा करने की मांग की। साथ ही बोट हाउस क्लब के सामने कंक्रीट निर्माण को ध्वस्त करने की मांग उठाते हुए कहा गया कि ग्रीन पार्क के मूल स्वरूप में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता। व्यापार मंडल ने प्रशासन से संबंधित निर्माण को हटाकर पार्क को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि तीन से पांच दिनों के भीतर अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं होती है तो हाई कोर्ट नैनीताल में ध्वस्तीकरण आदेश के लिए याचिका दायर की जाएगी। संगठन ने कहा कि इस संबंध में कानूनी तैयारी पूरी कर ली गई है।

प्रेस वार्ता के दौरान व्यापार मंडल ने आंदोलन में सहयोग देने वाले विभिन्न संगठनों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम जनता का आभार जताया। संगठन ने कहा कि लोअर मॉल रोड पुनर्निर्माण और नैनीताल के संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर वह पीछे हटने वाला नहीं है।

 

व्यापार मंडल ने प्रशासन को 14 दिनों का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो स्थगित धरने को व्यापक जनआंदोलन के रूप में दोबारा शुरू किया जाएगा। संगठन ने कहा कि आंदोलन की आगे की रणनीति की घोषणा परिस्थितियों के अनुसार की जाएगी।

लोअर मॉल रोड को लेकर पुनीत टंडन का धरना 15 अगस्त से जारी है। सड़क को लेकर पहले भी प्रशासन की ओर से अलग-अलग समय-सीमाएं दी जा चुकी हैं और अब लोक निर्माण विभाग ने 10 अक्टूबर तक यातायात खोलने का लक्ष्य बताया है।