उत्तराखण्डः रील बनाने की आदत ने महिला को पहुंचाया जेल! एक साल पुरानी चोरी का खुला राज, घरेलू सहायिका गिरफ्तार! लिंक में जानें क्या है मामला?

Uttarakhand: Habit of making reels lands woman in jail! Year-old theft case solved; domestic help arrested! Click the link to find out the details.

देहरादून। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ पाने की चाहत ने देहरादून में एक ऐसी चोरी का पर्दाफाश कर दिया, जो करीब एक साल तक अनसुलझी रही। एक महिला ने चोरी किए गए हीरे के हार और सोने के आभूषण पहनकर इंस्टाग्राम पर रील और तस्वीरें पोस्ट कीं। संयोग से यह रील उन गहनों की असली मालिक के परिचितों तक पहुंच गई। हार की पहचान होते ही पूरे मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद कर लिए। मामला देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क इलाके का है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता नितिशा वत्स ने 1 जुलाई को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर में रखे हीरे और सोने के महंगे आभूषण अचानक गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा कि शायद उन्होंने गहने किसी रिश्तेदार को दिए होंगे या कहीं सुरक्षित रखकर भूल गई हों। घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका पर उन्हें कोई संदेह नहीं था, इसलिए चोरी की आशंका भी नहीं हुई। करीब एक साल बाद मामले ने उस समय नया मोड़ लिया, जब पीड़िता के एक परिचित ने उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक इंस्टाग्राम रील दिखाई। रील में एक महिला हीरे का हार पहनकर वीडियो बना रही थी। हार बिल्कुल वैसा ही था, जैसा नितिशा के घर से गायब हुआ था। जब पीड़िता ने इंस्टाग्राम प्रोफाइल की जांच की तो पता चला कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिला उनकी पूर्व घरेलू सहायिका थी। हार और अन्य आभूषणों की पहचान होते ही उन्हें पूरा मामला समझ में आ गया। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी, घर से मिले लाखों के गहने
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपुर थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जोहड़ी रोड क्षेत्र से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए आभूषण बरामद किए। बरामद सामान में एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने का पेंडेंट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।

भरोसे का फायदा उठाकर की चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह पीड़िता के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। घर की साफ-सफाई के दौरान उसने कई बार देखा था कि एक कमरे के लॉकर में महंगे हीरे और सोने के आभूषण रखे रहते हैं। धीरे-धीरे उसके मन में उन्हें चुराने का लालच आ गया। करीब एक वर्ष पहले मौका मिलते ही उसने लॉकर से गहने निकाल लिए। चूंकि घर की मालकिन उस पर पूरा भरोसा करती थीं, इसलिए उन्होंने कभी उस पर शक नहीं किया। आरोपी ने भी उन्हें यह विश्वास दिलाया कि शायद उन्होंने गहने कहीं दूसरी जगह रख दिए होंगे या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे। आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद उसने कई बार महंगे हीरे और सोने के गहनों को बेचने की कोशिश की, लेकिन उनकी अधिक कीमत होने के कारण खरीदार नहीं मिल सके। इसी दौरान उसने चोरी किए गए आभूषण पहनकर इंस्टाग्राम पर रील और तस्वीरें पोस्ट कर दीं। यही रील उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा कारण बन गई। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि हीरे और सोने के महंगे आभूषण चोरी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण बरामद हुए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।