उत्तराखण्डः रामनगर में पुलिस और शातिर गैंगस्टर के बीच मुठभेड़! घेराबंदी के दौरान पुलिस पर बरसाईं गोलियां, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

Uttarakhand: Encounter between police and a notorious gangster in Ramnagar! Bullets fired at police during the encirclement; gangster shot in the leg in retaliatory fire.

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। मालधन क्षेत्र के 64 नंबर गेट के जंगल में पुलिस की दबिश के दौरान छिपे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया। उपचार के बाद पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से वांछित था। पुलिस टीम उसकी तलाश में दबिश देने पहुंची थी। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी हाथीडंगर वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग गया और वहां जाकर छिप गया। इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल में उसकी घेराबंदी शुरू कर दी। बताया गया कि पुलिसकर्मियों ने जब आरोपी को चारों तरफ से घेरने का प्रयास किया तो उसने अचानक पुलिस टीम और वाहनों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब तीन राउंड फायर किए। उसकी फायरिंग से पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने पूरे जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की ओर से आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इसी दौरान चंदन सागर के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लेकर पहुंची। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तौहीद के अनुसार देर रात एक युवक को पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया था। गोली पैर के आर.पार निकल गई थी। चिकित्सकीय टीम ने उसका उपचार किया। उपचार के बाद पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। लंबे समय से वांछित होने के कारण पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि चंदन सागर हाल में रामनगर में हुई एक घटना का भी आरोपी था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस दबिश के दौरान आरोपी के जंगल में छिपे होने की जानकारी मिली थी। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।