उत्तराखण्ड में एक और हादसाः देहरादून के विकासनगर में खाई में गिरा पिकअप वाहन! एक की मौत, दूसरा घायल

Another accident in Uttarakhand: Pickup vehicle plunges into a gorge in Dehradun's Vikasnagar; one dead, another injured.

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार तड़के त्यूणी तहसील क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमांत गांव पुरटाड के पास तुंगाण से त्यूणी की ओर आ रहा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे पिकअप वाहन तुंगाण से त्यूणी की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन पुरटाड के पास पहुंचा, इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क से नीचे खाई में जा गिरा और करीब 200 मीटर नीचे जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा.तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर थाना त्यूणी से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 40 वर्षीय खजानदास निवासी मोरी, उत्तरकाशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन सवार रवि गंभीर रूप से घायल मिला। पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए त्यूणी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। हादसे की सूचना मृतक और घायल के परिजनों को भी दी गई है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुरटाड के पास पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर नीचे खाई में गिरा है। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक अन्य घायल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।