नैनीताल: लोअर मॉल रोड की बदहाली पर पुनीत टंडन का धरना! बोले- अब आश्वासन नहीं चाहिए, मेरी इंसान की चमड़ी है मुझे नैनीताल को बचाना है

Nainital: Puneet Tandon stages a sit-in protest over the dilapidated state of Lower Mall Road! He declared, "I don't want assurances anymore; I am human, and I must save Nainital."

नैनीताल। शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली लोअर मॉल रोड की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी के विरोध में व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। प्रदर्शन के दौरान टंडन ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर लगातार आश्वासन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया।

पुनीत टंडन ने कहा कि अब तक कमिश्नर से लेकर जिलाधिकारी और नेताओं तक कई स्तरों पर आश्वासन मिल चुके हैं। हर बार काम पूरा होने की समयसीमा बताई गई, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लोअर मॉल रोड की बदहाली का सीधा असर स्थानीय व्यापारियों, पर्यटकों और आम लोगों पर पड़ रहा है।

उन्होंने दो टूक कहा कि “अब किसका आश्वासन मानूं? हर बार समय दिया गया, लेकिन हुआ कुछ नहीं।” टंडन ने स्पष्ट किया कि इस बार प्रदर्शन केवल आश्वासन मिलने के बाद समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “अब यह प्रदर्शन रुकेगा नहीं, मुझे नैनीताल बचाना है।” पुनीत टंडन ने कहा कि वो जिम्मेदार लोग जो आश्वास ही दिए जा रहे हैं, मुझे नहीं पता उनकी चमड़ी कौन सी है मेरी चमड़ी इंसान की है और मैं इस नैनीताल को बचाने के लिए जुबान दे चुका हूं अपनी बात से नहीं हट सकता।

धरना प्रदर्शन के जरिए व्यापार मंडल ने लोअर मॉल रोड के काम को जल्द पूरा करने, स्पष्ट समयसीमा तय करने और निर्माण कार्य की स्थिति को लेकर प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस बार आश्वासन से आगे बढ़कर जमीन पर क्या ठोस कदम उठाता है।