उत्तराखण्डः एनटीए द्वारा आयोजित उत्तराखंड की भर्ती परीक्षाओं की जांच की मांग! कुमाऊं कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, किया विरोध प्रदर्शन
नैनीताल। राष्ट्रीय स्तर पर एनटीए द्वारा आयोजित की गई नीट यूजी की परीक्षाओं में धांधली व नेट जेआरएफ सहित अन्य परीक्षाओं में भी धांधली की बातों के बीच अब उत्तराखंड की एनटीए द्वारा आयोजित परीक्षाओं की भी जांच की मांग उत्तराखंड में उठने लगी है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के विधानसभा अध्यक्ष पवन रावत व उत्तराखंड युवा एकता मंच के संयोजक पीयूष जोशी के नेतृत्व में कमिश्नर कार्यालय पहुंचे दर्जनों युवाओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान छात्र-छात्राओं व बेरोजगार संघ के पदाधिकारियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा की उत्तराखंड में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा राज्य में आयोजित अन्य परीक्षाओं की भी जांच की जानी आवश्यक है।
उत्तराखंड उच्च न्यायालय स्टेनो तथा उच्च न्यायालय क्लर्क परीक्षाओं सहित एनटीए द्वारा आयोजित हाल की परीक्षाओं में धांधली तथा अनियमितताओं का संदेह पैदा हुआ है। इन परीक्षाओं में बैठने वाले छात्र धोखाधड़ी के डर से जांच की मांग कर रहे हैं। साथ ही बेरोजगार संघ का मानना है कि इन परीक्षाओं की पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है। आज छात्र-छात्राएं व बेरोजगार संघ के पदाधिकारी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार कमिश्नर कार्यालय में ज्ञापन वह एनटीए का पुतला दहन करने आए हुए थे, परंतु कमिश्नर को ज्ञापन देने के बाद पुलिस अधिकारियों ने उनका पुतला यह कहकर छीन लिया कि पुतला दहन की परमिशन नहीं ली गई है। जिसको बेरोजगार संघ ने संवैधानिक अधिकारों का हनन बताया।
इस दौरान उत्तराखंड युवा मंच के संयोजक पीयूष जोशी ने कहा कि आज का प्रदर्शन सांकेतिक था, परंतु इस प्रदर्शन के दौरान भी प्रशासन द्वारा पुतला दहन के लिए लाया गया पुतला यह कहकर छीन लिया गया कि पुतला दहन की परमिशन होना आवश्यक है, परंतु पेपर लीक करने वाले माफियाओं द्वारा पेपर लीक किसकी इजाजत लेकर किया जाता है यह तय किया जाना भी आवश्यक है। वहीं बेरोजगार संघ के विधानसभा अध्यक्ष पवन रावत ने कहा कि राज्य की भर्ती परीक्षाओं को लेकर सीबीआई जांच की मांग बेरोजगार संघ लगातार उठाता आया है, परंतु राज्य सरकार सुनने को तैयार नहीं है। इस दौरान कुमाऊं कमिश्नर ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह यह ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम तत्काल प्रेषित करेंगे तथा संबंधित चयन आयोग को भी जो उचित होगा वह लिखने का प्रयास करेंगे। इस दौरान कबीर शाह, विनीत कबडवाल, कार्तिक शाह, प्रदीप आर्या, तरुण कुमार, राहुल रावत, नितेंन्दर बिष्ट, संदीप सिंह, आकांशा राय, अनुष्का, अभिषेक कुमार, अभिषेक बिष्ट, पियूष कुमार, नीरज कन्याल, राहुल जोशी, राहुल आर्या, महेश चन्द्र, चन्दन, शीलू कुमार शामिल थे।