उत्तराखंड: जिस फील्ड में पुरुषों का ही रहा वर्चस्व उस बॉडी बिल्डिंग के फील्ड में देहरादून की बेटी ने जीता मिस यूनिवर्स का खिताब! इलीट प्रो कार्ड भी मिला
आज हर क्षेत्र में लड़कियां खूब नाम कमा रही है। भारत के इतिहास में जो क्षेत्र हमेशा से ही पुरुषों का माना जाता रहा है आज लड़कियां उस क्षेत्र में भी अपना परचम लहरा रही है। जी हां हम बात कर रहे है बॉडी बिल्डिंग फिटनेस की। उत्तराखंड की बेटी समृद्धि शाही ने बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता जीत कर न केवल प्रदेश का नाम रोशन किया है,बल्कि उन्होंने ये साबित भी किया है कि बॉडी बिल्डिंग में सिर्फ लड़के ही नही बल्कि लड़कियां भी आगे बढ़ सकती है। समृद्धि शाही ने पुणे में आयोजित प्रतियोगिता में बिकिनी केटेगरी में यह उपलब्धि हासिल की। इस प्रतियोगिता को जीतने से उन्हें इलीट प्रो कार्ड भी मिल गया जिससे वो अब अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सीधे प्रतिभाग करने की भी हकदार हो गई हैं।
समृद्धि के साथ पुणे गये नैनीताल निवासी उत्तराखंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के महासचिव जेएस बिष्ट ने बताया इस प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस फेडरेशन की ओर से किया गया था जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों सहित देश विदेश के लगभग 400 खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में समृद्धि ने यह टाइटल अपने नाम किया। बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में बॉडी, फिटनेस, फिजीक, पोजिंग, प्रेजेंटेशन आदि के अंतर्राष्ट्रीय मानकों के आधार पर विजेता को चुना गया। प्रतियोगिता के दौरान फेडरेशन के सचिव गिरीश मल्होत्रा भी साथ रहे। इस दौरान प्रतिभागियों को बॉडी बिल्डिंग, फिटनेस, न्यूट्रीशन व सम्बन्धित तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया। समृद्धि के पिता अशोक शाही सेना से अवकाश प्राप्ति के बाद देहरादून में रहते हैं, माता पूर्णिमा शाही गृहिणी हैं। समृद्धि नोयडा में रहकर जिमिंग व फिटनेस की ट्रेनिंग ले रही हैं। समृद्धि इससे पूर्व यूआईबीएफएफ इलीट प्रो कार्ड होल्डर मिस एशिया, एनपीसी नेशनल विनर, गौर क्लासिक नेशनल और नरेश सूर्या क्लासिक नेशनल प्रतियोगिता भी जीत चुकी हैं।