उत्तराखंड:वक्फ बोर्ड के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले हाईकोर्ट के अधिवक्ता पर दर्ज हुआ मुकदमा!
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में वक्फ बोर्ड के नाम पर धोखाधड़ी करने का एक मामला सामने आया है। हरिद्वार के ज्वालापुर में वक्फ बोर्ड के नाम पर जमीन को लेकर तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने मांग की है और घटना पर नाराजगी जाहिर की है।
आरोप है कि आरोपी ने खुद को वक्फ बोर्ड से जुड़ा हुआ बताया था। जमापुर कलां कनखल निवासी जमशीद हसन ने शिकायत कर बताया कि नबाब अब्बासी निवासी ईदगाह रोड ज्वालापुर ने उन्हें बताया कि उनकी जमीन जो शारदा नगर ज्वालापुर में स्थित है, उसको वक्फ बोर्ड अपने अंडर में ले रहा है । आरोप है कि जमीन को बचाने के नाम पर उसने पांच लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि 2.50 लाख रुपये नगद और 50 हजार रुपये बैंक खाते में डाल दिए गए, बाद में पता चला कि जमीन को वक्फ बोर्ड कब्जे में नहीं ले रहा है। इंस्पेक्टर आरके सकलानी ने स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी हाईकोर्ट का अधिवक्ता बताया जा रहा है।
न्यूज़ सोर्स:अमर उजाला