Oct 09, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः दून अस्पताल की इमरजेंसी में दो पक्षों के बीच मारपीट! लहराए धारदार हथियार, बाजपुर में वाइन शॉप के बाहर भी भिड़े दो पक्ष! वीडियो वायरल

Uttarakhand: Clash between two groups in the Doon Hospital emergency ward; sharp-edged weapons brandished. Another clash between two groups outside a liquor shop in Bazpur; videos go viral.

देहरादून/बाजपुर। उत्तराखण्ड में विवाद के बाद मारपीट की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह मेडिकल परीक्षण के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट और हंगामे का रूप ले लिया। इस दौरान धारदार हथियार लहराए जाने की बात सामने आने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा को देखते हुए इमरजेंसी का मुख्य गेट कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। वहीं, ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में बैरिया दौलत स्थित वाइन शॉप के बाहर भी दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई। शराब खरीदने को लेकर शुरू हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दून अस्पताल की इमरजेंसी में मेडिकल परीक्षण के दौरान भिड़े दो पक्ष
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब मेडिकल परीक्षण के दौरान मौजूद दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआती कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। हंगामे के बीच धारदार हथियार लहराए जाने की बात भी सामने आई, जिससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल बन गया। हंगामे और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा उनके तीमारदारों की सुरक्षा के मद्देनजर इमरजेंसी का मुख्य गेट कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। इस दौरान उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है। फिलहाल विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को शिकायत किए जाने की बात कही गई है। मामले में आगे की कार्रवाई शिकायत और जांच के आधार पर होगी।

बाजपुर में वाइन शॉप के बाहर कहासुनी के बाद मारपीट
दूसरी घटना ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र के बैरिया दौलत की है। यहां बीती देर रात एक वाइन शॉप के बाहर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद शराब खरीदने को लेकर शुरू हुआ था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच हुई बहस ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और लोग आपस में भिड़ गए। इसके बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच जमकर लात.घूंसे चले। अचानक हुए हंगामे से आसपास अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना के दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन से मारपीट का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।