उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम ने ओढ़ी बर्फ की चादर,ताजा हिमपात से पहाड़ियां चमकीं चांदी सी
उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बारिश और ताजा बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम पूरी तरह सफेद बर्फ की चादर से ढक गया है। चारों ओर फैली बर्फ से पहाड़ियां चांदी की तरह चमक रही हैं और पूरा क्षेत्र बेहद खूबसूरत और मनमोहक दिखाई दे रहा है। चमोली जिला और जोशीमठ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बीते दिन बारिश और भारी हिमपात देखने को मिला। इसके साथ ही औली, हेमकुंड साहिब और नीति-मलारी घाटी समेत कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पूरी घाटी सफेद चादर में लिपटी नजर आ रही है।
बर्फबारी के बाद औली में बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फ का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। वहीं पाणा और ईराणी गांव में भी जमकर हिमपात हुआ है। लगातार बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड में भी इजाफा हुआ है। मार्च महीने की शुरुआत में जहां तापमान बढ़ने के साथ लोगों को इस वर्ष भीषण गर्मी की चिंता सताने लगी थी, वहीं अब बारिश और बर्फबारी ने मौसम को सुहावना बना दिया है। मौसम के इस बदलाव से जहां सैलानियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, वहीं किसानों और काश्तकारों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई है। स्थानीय किसानों का कहना है कि समय-समय पर होने वाली बारिश और बर्फबारी फसलों के लिए बेहद जरूरी होती है। इससे जमीन में नमी बनी रहती है और फसलों की पैदावार बेहतर होती है। यदि लंबे समय तक मौसम शुष्क रहता है तो फसलें समय से पहले पक जाती हैं और उत्पादन पर असर पड़ता है। बर्फबारी के बाद भगवान नारायण की नगरी बदरीनाथ धाम का दृश्य और भी अलौकिक हो गया है। प्रकृति ने मानो पूरे क्षेत्र को बर्फ की आगोश में समेट लिया हो। बर्फ से ढकी चोटियां, हरियाली से घिरी घाटियां और साफ आसमान का दृश्य प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य का अहसास करा रहा है। सोमवार को मौसम साफ हो गया है और धूप खिली हुई है, लेकिन पहाड़ों पर जमी ताजा बर्फ अब भी इस पवित्र धाम की सुंदरता को और बढ़ा रही है।