Sep 18, 2026 Login

उत्तराखण्डः दबंगों का दुस्साहस! कांग्रेस नेता की कार रोककर किया हमला, शीशा तोड़कर पत्थरों से किया वार! फायरिंग की भी चर्चा

Uttarakhand: Audacity of strongmen! Congress leader's car intercepted and attacked; windshield smashed and stones hurled! Rumors of gunfire also circulating.

रामनगर। रामनगर में युवा कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले उनकी कार का पीछा कर रास्ते में वाहन को रोक लिया और इसके बाद ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गोपाल अधिकारी पर पत्थरों से हमला करने के साथ ही उनके साथ मारपीट भी की, जिसमें वह घायल हो गए। घटना के दौरान आसपास मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गोपाल अधिकारी को उपचार के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी अपनी कार संख्या यूके 06 एब्ल्यू 7879 से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अपने कार्यालय से कोसी बैराज की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका पीछा किया। आरोप है कि रास्ते में हमलावरों ने उनकी कार को रोक लिया और वाहन पर हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने कथित तौर पर ईंट मारकर कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद गोपाल अधिकारी पर पत्थर से हमला किया गया। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को मौके पर जुटता देख आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की भी चर्चा सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, पुलिस फायरिंग से जुड़े पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के पीछे की वजह और हमले में शामिल लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।