उत्तराखंड दौरे पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, यमकेश्वर में पूजा-अर्चना कर जनता इंटर कॉलेज के नए भवन का किया लोकार्पण

Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath is on a visit to Uttarakhand. He offered prayers at Yamkeshwar and inaugurated the new building of Janata Inter College.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस दौरान वे पौड़ी जिले के यमकेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद रहे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरिद्वार पहुंचे थे, जहां उन्होंने भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि मंदिर के लोकार्पण और विग्रह मूर्ति की स्थापना समारोह में भाग लिया। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। कार्यक्रम के पश्चात दोनों मुख्यमंत्री यमकेश्वर हेलीपैड पहुंचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।

जनता इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि बचपन में वे पैदल ही यमकेश्वर के मेले और महादेव के दर्शन के लिए आते थे। उन्होंने कहा कि आज सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने से यहां आना और दर्शन करना काफी सुलभ हो गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के केंद्र केवल पढ़ाई के स्थान नहीं होते, बल्कि वे हमारी सभ्यता और संस्कृति के भी आधार स्तंभ होते हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर यमकेश्वर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। शिव मंदिर परिसर सहित पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। बताया जा रहा है कि अपने निजी कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी जाएंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। उनके आगमन को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह का माहौल बना हुआ है।