लोकसभा परिसर में अनोखा प्रदर्शनः विपक्ष ने ‘चंदा चोरी’ पर किया नाटक! पप्पू यादव बने पुजारी, राहुल गांधी ने चढ़ाए पैसे

Unique protest in the Lok Sabha complex: Opposition stages a skit on ‘donation theft’! Pappu Yadav plays a priest, Rahul Gandhi offers money.

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को लोकसभा परिसर में विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन का अनोखा तरीका अपनाया। विपक्षी सांसदों ने ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे पर एक सांकेतिक नाटक प्रस्तुत किया। इस दौरान पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर पुजारी की भूमिका में नजर आए। प्रदर्शन का वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। प्रदर्शन के दौरान एक स्थान पर प्रतीकात्मक रूप से चंदा लेने की व्यवस्था की गई थी। इसमें समाजवादी पार्टी की मुरादाबाद से सांसद रुचि वीरा भी शामिल रहीं। वहीं, अन्य विपक्षी सांसद पीछे खड़े होकर पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। इसी दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से चंदा दिया। राहुल गांधी के चंदा देने के बाद पप्पू यादव चंदा लेकर वहां से भागने का अभिनय करने लगे। तभी वहां मौजूद अन्य विपक्षी सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद प्रदर्शन के दौरान ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए गए। विपक्षी सांसदों ने इस पूरे घटनाक्रम को सांकेतिक राजनीतिक संदेश के तौर पर पेश किया। लोकसभा परिसर में कुछ मिनट तक चले इस प्रदर्शन को देखने के लिए संसद में मौजूद कई सांसद और मीडियाकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। विपक्षी सांसदों का आरोप है कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे से जुड़े मामलों को लेकर पारदर्शिता जरूरी है। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। विपक्ष ने इस बार पारंपरिक तरीके से नारेबाजी और पोस्टर प्रदर्शन के बजाय लघु नाटक का सहारा लेकर अपना राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने प्रतीकात्मक तरीके से कथित चंदा चोरी के मुद्दे को उठाया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। बता दें कि संसद के मानसून सत्र के दौरान पिछले कई दिनों से विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक जारी है। विपक्षी दल लगातार कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से भी विपक्ष के आरोपों पर जवाब दिया जा रहा है। ऐसे में लोकसभा परिसर में शुक्रवार को हुआ यह अनोखा प्रदर्शन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।