Oct 23, 2026 Login
Awaaz24x7-government

ऊधम सिंह नगरः पुलिस का ‘ऑपरेशन सफाया’! भारी फोर्स के साथ नानकमत्ता पहुंचे एसएसपी, अवैध तमंचो के साथ 10 लोग गिरफ्तार

Udham Singh Nagar: Police’s ‘Operation Safaya’ (Operation Clean-up)! SSP arrives in Nanakmatta with a large force; 10 individuals arrested with illegal firearms.

नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। करीब 10 घंटे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस की 10 टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान अवैध असलहा रखने वाले आरोपियों, कच्ची शराब के कारोबार में शामिल लोगों और वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, एक संदिग्ध के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद मिलने के बाद साइबर अपराध की आशंका भी जताई गई है। पुलिस के अनुसार, अभियान में एसएसपी अजय गणपति स्वयं मौजूद रहे, जबकि ऑपरेशन की जिम्मेदारी एसपी सिटी रुद्रपुर को सौंपी गई थी। क्षेत्राधिकारी खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के पर्यवेक्षण में नानकमत्ता पुलिस के साथ झनकईया, पुलभट्टा और दिनेशपुर थानों के पुलिसकर्मियों, एसओजी, पीएसी तथा अन्य इकाइयों की टीमों ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध तमंचे बरामद किए। इनमें 315 बोर और 12 बोर के तमंचे शामिल हैं। पुलिस ने 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद करने की भी जानकारी दी है। अवैध हथियारों के मामले में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा चेकिंग के दौरान चार कच्ची शराब की भट्टियां नष्ट की गईं और करीब 10 हजार लीटर लाहन नष्ट किया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके साथ ही दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान एक अन्य संदिग्ध के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को इस मामले में साइबर अपराध की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध हथियारों, कच्ची शराब, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।