इससे बड़ी देशभक्ति नहीं! राहुल गांधी ने कोटद्वार के मोहम्मद दीपक को बताया सच्चा देशभक्त, बोले- नफरत के खिलाफ खड़े होकर पेश की नई मिसाल
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज बुधवार को कोटद्वार के दीपक कुमार की जमकर सराहना की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि दीपक ने नफरत के खिलाफ डटकर खड़े होकर तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। राहुल ने कहा कि करोड़ों भारतीयों के दिलों में सद्भाव और प्रेम की विचारधारा है, मगर मन में भय भी है, दीपक ने उन सभी को अपने साहस से राह दिखाई है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि जो लोग नफ़रत फैलाकर समाज को डराने की कोशिश करते हैं, वो दरअसल कायर होते हैं। उनसे कभी भी डरो मत। राहुल गांधी ने आगे लिखा कि दीपक ने हमारे तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। नफ़रत के सामने डटकर खड़ा हुआ, कमज़ोर की हिफ़ाज़त की, इससे बड़ी देशभक्ति नहीं होती। बता दें कि मोहम्मद दीपक ने सोमवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर राहुल गांधी से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद दीपक ने कहा कि राहुल ने उन्हें आश्वस्त किया कि उन्होंने जो किया वह सही था और उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। दीपक ने मुलाकात के बाद कहा था कि राहुल गांधी जी ने मुझे आज यहां बुलाया था। उन्होंने मेरी पत्नी और परिवार से बात की और भरोसा दिलाया कि मैंने जो किया वह अच्छा था और मुझे किसी तरह का डर नहीं रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे कोटद्वार आएंगे और मेरे जिम की सदस्यता लेंगे। उन्होंने आगे कहा कि आज कोटद्वार में स्थिति पहले से बेहतर है। राहुल जी ने मेरी मुलाकात सोनिया जी से भी करवाई। मेरा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। यह जानकर अच्छा लगा कि किसी ने समझा कि मैंने इंसानियत के लिए आवाज उठाई।