उत्तराखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज! पहाड़ों में बर्फबारी की उम्मीद,मैदानी इलाको में बढ़ी ठंड

दीपावली के बाद उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में आसमान पर बादलों ने डेरा डाल रखा है। जिसके चलते धूप और बादलों की आंख-मिचौली बनी हुई है। राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में अब सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ गया है। पहाड़ी जिलों में तापमान में गिरावट के साथ बर्फबारी के संकेत मिलने लगे हैं।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में ही नहीं बल्कि मैदानी इलाकों में भी अब ठंड का एहसास होने लगा है। उधर मौसम विभाग की भविष्यवाणी आने वाले दिनों में तापमान में कमी की संभावना को व्यक्त कर रही है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने के चलते लोगों को कुछ राहत मिल रही है। सुबह और शाम के वक्त काम होता तापमान लोगों को हल्की ठंड का एहसास कर रहा है। उधर आने वाले कुछ दिनों में राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं लगभग 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों जैसे बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और औली क्षेत्र में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे पर्वतीय इलाकों में तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है। देहरादून में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 17.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। टिहरी में यह 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री और उधम सिंह नगर में 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दीपावली से पहले तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में चटक धूप के कारण दिन में गर्मी महसूस हो रही थी, लेकिन त्यौहार के बाद बादल छाने से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में बुधवार को भी धूप देर से निकली और दिनभर हल्के बादल छाए रहे। इससे लोगों को पहली बार मौसम में बदलाव का साफ अहसास हुआ। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में सुबह और शाम के समय ठंड और बढ़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव मौसम के मौसमी चक्र का हिस्सा है। नवंबर के शुरुआती सप्ताह तक तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। पहाड़ों में बर्फबारी शुरू होने के साथ ही मैदानों में भी सर्दी का असर तेजी से बढ़ने लगेगा।