टी20 विश्व कप: वर्ल्ड कप का सपना, फिर हुआ अपना! टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत, 159 पर न्यूजीलैंड क्लीन बोल्ड
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस दौरान पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 255 रन बनाए हैं। भारत के लिए इस मैच में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। आखिर में शिवम दुबे ने भी कमाल की बल्लेबाजी की। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 30 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान टीम इंडिया का दबदबा रहा है। मेन इन ब्लू ने 18 मैचों में जीत हासिल की है, जिसमें दो सुपर ओवर की जीत शामिल है। कीवियों ने 11 मुकाबलों में बाजी मारी है, जबकि एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका है। अगर टी20 वर्ल्ड कप की बात करें, तो दोनों के बीच 3 मुकाबले खेले गए हैं और भारत को तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। लेकिन आज टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया।
इसी के साथ टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई है। फाइनल में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए थे। जवाव में कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। अभिषेक इस मैच में 21 बॉल में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन बनाए। वहीं सैमसन अपना शतक लगाने से चूक गए, उन्होंने 46 बॉल में 5 चौके और 8 छक्के की मदद से 89 रन बनाए। ईशान किशन ने भी इस मैच में टीम इंडिया के लिए 25 गेंदों में 54 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें चार चौके और चार छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह गोल्डन डक पर आउट हुए। वहीं तिलक वर्मा ने 6 बॉल में 8 रन बनाए। आखिरी के ओवरों में शिवम दुबे ने भी तेज गति से रन बनाए। उन्होंने 8 बॉल में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाए। हार्दिक ने भी 13 बॉल में 18 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की तरफ से जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।