My Fledge पर छात्रा ने लगाए ठगी और धमकी के आरोप,फीस विवाद से लेकर करोड़ों के LUCC नेटवर्क तक, My Fledge पर जांच एजेंसियों की पैनी नजर

Student Alleges Fraud and Threats Against My Fledge; From Fee Disputes to a Multi-Crore 'LUCC' Network—Investigative Agencies Keep a Sharp Watch on My Fledge.

भोपाल स्थित माय फ्लेज प्राइवेट लिमिटेड (My Fledge Private Limited) एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। एक तरफ जहां भोपाल की एक छात्रा ने कंपनी पर ₹80 हजार की फीस लेकर वादा पूरा न करने, मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर कंपनी का नाम बहुचर्चित LUCC घोटाले से जुड़ी जांच में सामने आने के बाद मामला और सुर्खियों में आ गया है।

 

 

छात्रा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और सहकारिता मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसने प्रोफेशनल ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सहायता के वादों के आधार पर एमपी नगर स्थित संस्थान में एडमिशन लिया था। लेकिन दाखिले के बाद न तो वादा किए गए कोर्स और सुविधाएं मिलीं और न ही फीस वापस की गई।

छात्रा का आरोप है कि रिफंड मांगने पर संस्थान प्रबंधन ने सहयोग करने के बजाय अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में संस्थान की हेड बरनाली सिंह घोष पर बदसलूकी और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं, जबकि डायरेक्टर बिस्वजीत बादल चंद्र घोष पर गुमराह करने और डराने-धमकाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

छात्रा ने यह भी दावा किया है कि स्थानीय पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की। उसने मामले में विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके पास फीस भुगतान की रसीदें, चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं।

इसी बीच My Fledge Private Limited का नाम LUCC घोटाले से जुड़ी जांच में सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। सूत्रों के अनुसार, करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े इस मामले में अब विभिन्न एजेंसियां वित्तीय लेनदेन और संबंधित संस्थाओं की जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि जांच के कुछ पहलुओं में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी Central Bureau of Investigation भी सहयोग कर रहा है।

जांच एजेंसियां कथित तौर पर उन वित्तीय कड़ियों और ट्रांजैक्शनों की पड़ताल कर रही हैं, जिनका संबंध बड़े नेटवर्क से हो सकता है। जांच के दायरे में My Fledge Private Limited की डायरेक्टोरियल संरचना और उससे जुड़े व्यक्तियों की भूमिकाओं को भी देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, कंपनी से जुड़े नामों में शबाह हुसैन, बिस्वजीत बादल चंद्र घोष और पियाली श्यामलेन्दु चटर्जी शामिल हैं। जांच एजेंसियां इनके संभावित संबंधों और वित्तीय गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं।

बता दें कि उत्तराखंड से वर्ष 2019 के आसपास सामने आए बहुचर्चित सहकारी समिति घोटाले में पहले से जांच के दायरे में रहे कुछ व्यक्तियों के पुराने और वर्तमान संबंधों को भी खंगाला जा रहा है। इसी सिलसिले में जांच अधिकारी ऋषिकेश कुमार, डिप्टी एसपी, पिछले कुछ दिनों से मुंबई जांच करने पहुंचे और विभिन्न वित्तीय ट्रेल, दस्तावेज और आपसी कनेक्शन की पड़ताल भी की 

अधिकारियों के अनुसार, जांच का फोकस ट्रांजैक्शन पैटर्न, दस्तावेजों की सत्यता और अलग-अलग संस्थाओं के बीच संभावित संबंधों को समझने पर है। LUCC घोटाले का दायरा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है और नई जानकारियों के सामने आने के साथ जांच एजेंसियां अपनी कार्रवाई तेज कर रही हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 


डिस्क्लेमर:छात्रा और अन्य मामलों में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। My Fledge Private Limited या संबंधित व्यक्तियों की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।