आसमानी आफतः चंपावत के बाद पिथौरागढ़ में भी फटा बादल! मलबे में जिंदा दफन हुई महिला, दहशत में ग्रामीण

Sky disaster: After Champawat, cloud burst in Pithoragarh too! Woman buried alive in debris, villagers in panic

पिथौरागढ़। शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने चंपावत के बाद पिथौरागढ़ में भी खूब तबाही मचाई। इस दौरान जिले में बादल फटने की घटना सामने आई। यहां बिसाड़ इलाके के गढ़कोट गांव में बादल फटा है। बादल फटने के बाद पहाड़ी से आया मलबा एक घर में घुस गया, जिससे घर में मौजूद महिला और चार मवेशियों की मौत हो गई। वहीं महिला के बेटे-बहु और पोते ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद ग्रामीण दहशत में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और राहव व बचाव कार्य किया। पिथौरागढ़ पुलिस ने अपने प्रेस नोट में बादल फटने की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि बादल फटने के बाद पहाड़ी से बड़ी मात्रा में पानी और मलबे का सैलाब आया। इस सैलाब में 72 साल की देवकी देवी पत्नी स्व. पूरन चंद्र उपाध्याय मलबे में दब गई, जिससे उनकी मौत हो गई। पहाड़ी से पानी के सैलाब के साथ आया मलबा जब घर में घुसा तो उस समय देवकी देवी के साथ उनका पोता प्रियांशु, बेटा मनोज चंद्र उपाध्याय और बहू चंद्रकला उपाध्याय भी मौजूद थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। लेकिन देवकी देवी भाग नहीं पाई और उनकी इस हादसे में मौत हो गई। इसके अलावा मकान के पास स्थित गोठ में बंधी दो गायें और दो बछड़े भी आपदा की भेंट चढ़ गए।