शर्मनाक करतूतः उत्तराखण्ड में NCC अधिकारी और शिक्षक ने छात्रा से की छेड़छाड़! ट्रेनिंग देने आए थे स्कूल, बैड टच करते ही भागी पीड़िता! गुस्साए लोगों ने की पिटाई

Shameful Act: NCC officer and teacher molest a female student in Uttarakhand! They had come to the school to conduct training; the victim fled immediately after being inappropriately touched! Enraged

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से स्कूली छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। मनेरी थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में एनसीसी प्रशिक्षण के दौरान एनसीसी अधिकारी और एक शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और आपत्तिजनक व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और आक्रोशित परिजनों तथा स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। मामले में पीड़ित छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इधर इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है और स्कूलों में इस प्रकार की घटनाओं पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, बुधवार को उत्तरकाशी के मनेरी थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में बच्चों को एनसीसी प्रशिक्षण दिया जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान स्कूल के एक शिक्षक ने एक छात्रा को यह कहकर बुलाया कि एनसीसी अधिकारी उसे बुला रहे हैं। छात्रा जब शिक्षक के साथ एनसीसी कक्ष में पहुंची तो वहां उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार और छेड़छाड़ करने का आरोप हैं। बताया जा रहा है कि घटना के बाद छात्रा किसी तरह कमरे से बाहर निकली और रोते हुए अपनी कक्षा में पहुंची। छात्रा ने वहां मौजूद महिला शिक्षिका और अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

छात्रा की बात सुनकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के संबंध में पीड़ित छात्रा के पिता ने मनेरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उत्तरकाशी की पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मनेरी थाने में पीड़ित छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपों की जांच के साथ ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। इधर घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा और प्रशिक्षण के दौरान निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, घटना के बाद छात्राओं के परिजन और स्थानीय लोग मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।