Oct 15, 2026 Login
Awaaz24x7-government

सनसनीखेजः पिरान कलियर के गेस्ट हाउस में मिला यूट्यूबर का शव! सुबह पांच बजे युवती को किया था वीडियो कॉल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

Sensational: YouTuber’s body found in a guest house in Piran Kaliyar! He had made a video call to a young woman at 5:00 AM; the post-mortem report will reveal the mystery behind his death.

रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार, आतिफ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना का निवासी था और मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर उसकी नाराजगी होने की बात भी सामने आई है। बताया गया कि बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ पिरान कलियर पहुंचा और यहां एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर लिया। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने उसे वीडियो कॉल की। कथित तौर पर इस दौरान आतिफ ने फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात कही। युवती ने दूसरे मोबाइल फोन के माध्यम से वीडियो कॉल पर सामने आए घटनाक्रम को आतिफ के भाई को दिखाया। इसके बाद भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया। इस जानकारी के सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर आतिफ के परिजन पिरान कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। परिजनों से मिली जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम संबंधित गेस्ट हाउस पहुंची। वहां कमरे में आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।