Oct 15, 2026 Login
Awaaz24x7-government

बड़ी खबरः आमिर खान के भांजे अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस जारी! मुंबई पुलिस ने 28 अक्‍टूबर तक की दी मोहलत, CJP प्रोटेस्ट में हुए थे शामिल

Big News: A notice to leave India has been issued to actor Imran Khan, nephew of Aamir Khan! Mumbai Police has granted him a deadline until October 28; he had participated in a CJP protest.

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। यह कार्रवाई मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने के मामले में की गई है। इमरान खान 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन में पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था। अब उन्हें देश छोड़ने का नोटिस दिए जाने से मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस के अनुसार, इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं और उनके पास अमेरिकी नागरिकता है। वह भारत में ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड के आधार पर रहते हैं। आरोप है कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद उन्होंने भारत की घरेलू राजनीतिक गतिविधि से जुड़े प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इसी आधार पर उनके खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि इमरान खान ने पुलिस का नोटिस प्राप्त कर लिया है।

दरअसल, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में CJP की ओर से प्रदर्शन आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने इमरान खान समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। प्रदर्शन से जुड़े मामले में 400 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई थी। अब इमरान खान को देश छोड़ने का नोटिस दिए जाने के बाद यह मामला नए सिरे से सुर्खियों में है। इमरान खान का जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य के मैडिसन शहर में हुआ था। उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट और भारत का OCI कार्ड है। OCI कार्ड धारकों को भारत में कई सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन उन्हें भारतीय नागरिकता प्राप्त नहीं होती। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई में विदेशी नागरिकों और उनके भारत में प्रवास से जुड़े कानूनी प्रावधानों का हवाला दिया गया है। हालांकि, इस मामले में नोटिस के आधार और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर संबंधित अधिकारियों की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी इमरान खान के प्रदर्शन में शामिल होने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की थी। सोमैया का दावा था कि OCI कार्ड धारक या विदेशी नागरिकों को भारत की घरेलू राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं होनी चाहिए। उनकी शिकायत के बाद यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया। पुलिस की कार्रवाई से पहले इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने के अपने फैसले का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि वह इस शहर में रहने वाले एक इंसान के तौर पर यह देखने आए हैं कि लोगों की आवाजाही की आजादी पर प्रतिबंध क्यों लगाया जा रहा है और उनकी आवाज क्यों दबाई जा रही है। फिलहाल, 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के नोटिस के बाद इमरान खान के अगले कदम पर नजरें टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि वह निर्धारित समयसीमा के भीतर देश छोड़ते हैं या नोटिस को कानूनी रूप से चुनौती देने का रास्ता अपनाते हैं।