उत्तराखण्डः मसूरी पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार! दो दिन तक पहाड़ों और दून में हो सकती है फिल्म की शूटिंग
मसूरी। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार गुरुवार सुबह करीब 9ः30 बजे खराब मौसम के बीच पहाड़ों की रानी मसूरी पहुंचे। उनके यहां पहुंचने के बाद फिल्म की शूटिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, अक्षय कुमार फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में मसूरी आए हैं और अगले दो दिनों तक मसूरी तथा देहरादून के विभिन्न इलाकों में शूटिंग कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि अभिनेता मसूरी के एक सितारा होटल में ठहरे हुए हैं। हालांकि, उनके शूटिंग शेड्यूल और फिल्म से जुड़ी गतिविधियों को लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि पिछले दिनों अक्षय कुमार की तबीयत खराब होने और कमर में दर्द की शिकायत के बाद देहरादून में उनका उपचार कराया गया था। इसके बाद उनकी सेहत को लेकर भी चर्चाएं सामने आई थीं। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है और वह आराम कर रहे हैं। अक्षय कुमार के मसूरी पहुंचने से स्थानीय स्तर पर फिल्म शूटिंग को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। यदि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शूटिंग होती है, तो मसूरी और देहरादून के विभिन्न इलाकों में फिल्म की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।