Oct 15, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा! गहरी खाई में गिरी वैगनआर, दो की मौके पर मौत! तीन घायल

Major road accident in Uttarakhand! WagonR plunges into a deep gorge; two die on the spot, three injured.

श्रीनगर। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला देवप्रयाग क्षेत्र का है, जहां चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही हरियाणा नंबर की एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। भीषण हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, कार में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। सभी चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई और बचाव कार्य में मदद के लिए टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे में चालक अनिल पुत्र सुदर्शन निवासी किमोली, चमोली और सत्येश्वरी देवी पत्नी हुकम सिंह चौहान निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, चमोली की मौत हो गई। वहीं, दुर्घटना में उत्तम सिंह निवासी रुद्रप्रयाग, टीशा रावत  और सुनीता देवी निवासी रुद्रप्रयाग घायल हो गए। पुलिस और बचाव दल ने तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सीएचसी बागी, देवप्रयाग पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। कीर्तिनगर के एसडीएम पंकज भट्ट ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया। कार में सवार पांच लोगों में से दो की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।