ऊधम सिंह नगर जिले में सनसनीखेज वारदातः पारिवारिक विवाद में खून-खराबा! बहू ने मायके वालों के साथ मिलकर की मारपीट, सास की मौत! छह लोग हिरासत में
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, यहां दिनेशपुर इलाके में मामूली बात को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस हिंसक विवाद में एक महिला की मौत हो गई, जबकि महिला का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने मृतक महिला की बहू समेत छह लोगों को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है। जानकारी के अनुसार दिनेशपुर के रहने वाले प्रसेनजीत शाह ने करीब चार साल पहले काशीपुर की रहने वाली सुरभि से शादी की थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। परिवार वालों का आरोप है कि 17 फरवरी, मंगलवार रात को हुई मामूली कहासुनी अचानक हिंसा में बदल गई। इसके बाद सुरभि ने मायके से पांच लोगों को अपने घर बुला लिया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि सुरभि के मायके वालों ने प्रसेनजीत शाह और उनकी 70 साल की मां संध्या शाह के साथ मारपीट की। चश्मदीदों के मुताबिक झगड़े में बुज़ुर्ग महिला को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रसेनजीत शाह भी घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में नामजद शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुरभि और उसके साथ आए पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की।