देहरादून में सनसनीखेज वारदातः देहराखास में घर में घुसकर गला रेतकर व्यक्ति की हत्या! लेनदेन विवाद की आशंका, इलाके में फैली दहशत
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र के देहराखास में एक व्यक्ति की घर में घुसकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 48 वर्षीय दीपक गुप्ता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपक गुप्ता ब्याज पर पैसे देने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को किसी व्यक्ति ने घर में घुसकर दीपक गुप्ता की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का कई लोगों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। ऐसे में पुलिस लेनदेन से जुड़े विवाद को हत्या की वजह मानकर भी जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।