रुद्रपुर में सनसनी:संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश बुजुर्ग की मौत

Sensation in Rudrapur: Elderly Man Dies After Collapsing Under Suspicious Circumstances

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के भीतर हुई तीन अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस महकमे और स्थानीय निवासियों को चौंका दिया है। रुद्रपुर में जहाँ एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, वहीं रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है।

रुद्रपुर की आदर्श कॉलोनी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत 31 वाहिनी पीएसी की बाउंड्री और दशमेश द्वार के पास एक 65 वर्षीय बुजुर्ग के बेहोश पड़े होने की सूचना ने पुलिस को सक्रिय कर दिया। '112' नंबर पर मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। मौके पर भारत सेवा टीम के सदस्य भी सहायता के लिए पहुँचे। अचेत बुजुर्ग को आनन-फानन में एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बहादुर सिंह कन्याल (65 वर्ष), निवासी खटीमा के रूप में हुई है। रुद्रपुर कोतवाली के उप निरीक्षक जीवन राम अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन और कुछ दवाइयों के पर्चे बरामद हुए हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग किसी बीमारी से जूझ रहे थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। वही रुद्रपुर के ही भूरा रानी रोड स्थित छतरपुर रेलवे ट्रैक के समीप एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और आसपास के थानों में महिला के हुलिए की जानकारी भेजकर शिनाख्त की कोशिशें तेज कर दी हैं। स्थानीय स्तर पर गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।