दर्दनाकः उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसे में नेशनल खिलाड़ी की मौत! पत्नी की हालत गंभीर, चार महीने पहले ही हुई थी शादी! घूमने के लिए जा रहे थे नैनीताल
रामनगर। नैनीताल घूमने निकले एक नवविवाहित दंपती का सफर दर्दनाक सड़क हादसे में तब्दील हो गया। रामनगर के पास पीरूमदारा क्षेत्र में देर रात स्कॉर्पियो और 22 टायरा डंपर की आमने-सामने की टक्कर में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी और शादी के बाद यह उनका पहला नैनीताल दौरा था। जानकारी के अनुसार हादसा एक और दो अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1ः20 बजे पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास हुआ। गाजियाबाद निवासी 24 वर्षीय यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ नई स्कॉर्पियो से काशीपुर की ओर से रामनगर होते हुए नैनीताल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर संख्या एचआर 38 एसी 4554 से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घायल शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर देखते हुए बाद में उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली-एनसीआर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में यतीश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना परिवार को दी गई, जिसके बाद परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। यहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया। यतीश यादव मूल रूप से गाजियाबाद के शाहपुर बमेठा क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया गया है कि वह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और वर्ष 2021 में एक प्रतियोगिता में विजेता भी रहे थे। खेल के साथ वह एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का काम भी करते थे। वहीं उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं। हादसे के बाद यतीश के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता सुरेश चंद्र यादव ने आरोप लगाया कि डंपर चालक ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के दौरान वाहन को गलत दिशा में ले जाकर उनके बेटे की स्कॉर्पियो को टक्कर मारी। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। चार महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे यतीश और शीतल के लिए नैनीताल की यह यात्रा खुशियों भरी याद बनने वाली थी, लेकिन पीरूमदारा में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। एक तरफ परिवार बेटे को खोने के गम में है, वहीं शीतल के गंभीर रूप से घायल होने से परिजन उनकी सलामती की उम्मीद लगाए हुए हैं।