Oct 03, 2026 Login

Good Morning India: एशियन गेम्स में कुमकुम ने रचा इतिहास, भारत को दिलाया एक और गोल्ड! दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज पर 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ी वंदे भारत! उत्तराखण्ड में युवक की गोली मारकर हत्या

Good Morning India: Kumkum makes history at the Asian Games, winning another gold for India! Vande Bharat speeds at 100 km/h across the world's highest bridge, the Chenab Bridge! Young man shot dead

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, एशियाड में क्रिकेट में भारत-पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडेल मैच होगा। वहीं हरियाणा के भाजपा विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, एशियन गेम्स 2026 में भारत की 17 साल की युवा महिला आर्चरी खिलाड़ी कुमकुम मोहोद ने व्यक्तिगत रिकर्व आर्चरी के इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने के साथ इतिहास रच दिया है। कुमकुम रिकर्व इवेंट में मेडल जीतने वाली अब तक की पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, जिसमें उन्होंने गोल्ड मेडल मैच में साउथ कोरिया की खिलाड़ी को मात देते हुए पदक अपने नाम किया। कुमकुम और ओह येजिन के बीच पांच सेट तक चला यह गोल्ड मेडल मैच काफी रोमांचक रहा जिसमें बराबरी पर खत्म होने के बाद शूट ऑफ में फैसला हुआ और वहां कुमकुम ने अपना कमाल दिखाते हुए सटीक निशाना लगाने के साथ गोल्ड मेडल जीत लिया। इस जीत के साथ कुमकुम ने साल 1978 से चले आ रहे 48 साल के इंतजार को खत्म कर दिया, जिसमें महिला इंडिविजुअल रिकर्व में यह भारत का पहला पदक है। वहीं कुमकुम ने इसी के साथ साल 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स में ओलंपिक गेम्स के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। भारतीय टीम का मौजूदा एशियन गेम्स में ये आर्चरी में पांचवां गोल्ड मेडल है। एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की संख्या अब 77 (17 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज) हो गई है।

इधर फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में पायलट स्मित मच्छार पर हमला करने वाले को-पायलट की पहचान सामने आने का दावा किया जा रहा है। अल Al Arabiya English और सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी को-पायलट ओमान का नागरिक है और उसका नाम हमाम अल-हमामी है। वह पहले ओमान की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ओमान एयर में भी काम कर चुका है। अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी को पहले भी ओमान में उड़ान भरने से रोक दिया गया था। रिपोर्ट में यह दावा किया गया है यह फैसला उसके कट्टरपंथी विचारों के चलते लिया गया था। बताया जाता है कि सीरिया में रहने के दौरान हमाम अल-हमामी कट्टरपंथी विचारों के प्रभाव में आ गया था। उड़ान भरने से रोके जाने के बाद अल-हमामी ओमान छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात चला गया था। बाद में उसने फ्लाईदुबई में नौकरी पाने में कामयाब हो गया। इस पूरे प्रकरण में सबसे अहम बात ये है कि फ्लाईदुबई ने उसे नौकरी पर रखने से पहले उसका बैकग्राउंड क्रॉस चेक नहीं किया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि अल-हमामी का जन्म संयुक्त अरब अमीरात में हुआ था। उसके पिता ओमान के रहनेवाले हैं जबकि मां सीरियाई मूल की हैं। अल-हमामी ने अपने जीवन का अधिकांश समय यूएई में बिताया था।

उधर जम्मू-कश्मीर के रियासी में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन ने चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टे वाले रेलवे ब्रिज को पार किया। वंदे भारत ट्रेन 100 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से गुज़री, जो 111 किलोमीटर लंबे कटरा-बनिहाल ब्रॉड-गेज रेल सेक्शन पर तय अधिकतम गति सीमा है। सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने कहा कि 111 किलोमीटर लंबे श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल सेक्शन पर अधिकतम स्पीड लिमिट को 75 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दिया गया है। उन्होंने  कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस ने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टे वाले अंजी ब्रिज, दोनों को 100 किमी/घंटा की स्पीड से पार करके एक नया रिकॉर्ड बनाया। अधिकारियों ने बताया कि इस साल अगस्त में रेलवे द्वारा सभी ज़रूरी सुरक्षा शर्तों को पूरा करने के बाद, रेलवे मंत्रालय ने अधिकतम स्पीड लिमिट को 100 किमी/घंटा करने की मंज़ूरी दी थी। नॉर्दर्न रेलवे के जम्मू डिवीजन के तहत कटरा-बनिहाल सेक्शन पर स्पीड बढ़ाने का सफल टेस्ट गुरुवार को किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस बढ़ोतरी से ट्रेन का ऑपरेशन बेहतर होने, यात्रा का समय कम होने और यात्रियों को तेज़, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मिलने की उम्मीद है। यह उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक प्रोजेक्ट के लिए एक अहम ऑपरेशनल कदम है।

इधर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दिपके ने शुक्रवार को घोषणा की कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफ़ा नहीं दिया, तो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इससे पहले गांधी जयंती के दिन मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी  द्वारा आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में बोलते हुए, दिपके ने चेतावनी दी थी कि अगर ज्ञानेश कुमार पद नहीं छोड़ते हैं तो अब दिल्ली में "जंतर-मंतर 2.0" प्रदर्शन होगा। दिपके ने देर रात X पर एक पोस्ट में कहा, "अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा नहीं देते हैं, तो पूरे भारत से कॉकरोच दिल्ली तक मार्च करेंगे और 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।" दिपके ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश करती है, तो वे प्रदर्शनकारियों को जहां भी रोकेंगे, वहीं हमारा जंतर-मंतर बन जाएगा। हमारा विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा और "हम महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलेंगे"। उन्होंने कहा कि यह सरकार और दिल्ली पुलिस को तय करना है कि वे शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का सम्मान करना चाहते हैं या 20 जुलाई को देखी गई बर्बरता को दोहराना चाहते हैं। बता दें कि पुलिस ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर CJP के पिछले आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर सख्ती की थी। दिपके ने आगे कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है और हर उस नागरिक को इसमें शामिल होना चाहिए जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहता है।

उधर फ्लाईदुबई में हुई बड़ी घटना के बाद भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी का चर्चा आज चहुंओर हो रही है। कैप्टन स्मित मच्छार ने अपने जान पर खेलकर फ्लाईदुबई की फ्लाइट में सवार यात्रियों की जान बचाई। इसके लिए दुनिया के बड़े बड़े नेताओं और कई लोगों ने उनकी तारीफ की थी। उसके बाद अब बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की सराहना की है। भाईजान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि हर कोई कैप्टन मच्छर को सलाम करता है। सलमान खान ने लिखा, "कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सलाम करते हैं, आपके साथ उड़ान भरने में मजा आएगा.. शाबाश भाई.. कैप्टन #SmitMachchhar।" सलमान खान के अलावा बॉलीपुड अभिनेता रणवीर सिंह ने भी इंस्टाग्राम पर कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए एक तस्वीर के साथ लिखा, "कैप्टन करेजियस" (साहसी कैप्टन) और इसके साथ ही उन्होंने सैल्यूट और भारतीय झंडे वाले इमोजी के अलावा अपनी फिल्म धुरंधर का गाना जान से गुजरते हैं, भी बैकग्राउंड में लगाया है।

इधर होर्मुज डलडमरूमध्य में कुवैत के झंडे वाले टैंकर MT काजिमाह III पर प्रोजेक्टाइल लगने के बाद उस पर सवार पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया। ओमान में भारतीय दूतावास ने बचाव अभियान में मदद की और सभी भारतीयों को सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया गया। भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को X पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी। दूतावास ने बचाव अभियान में मदद के लिए ओमानी आधिकारियों का आभार जताया है। यह कच्चे तेल का टैंकर फिलहाल कुवैत के झंडे के तहत चल रहा है और टोगो के लोमे बंदरगाह की जा ओर जा रहा है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब भारत फारस की खाड़ी में मौजूद भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर लगातार नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस क्षेत्र में अलग-अलग वाणिज्यिक जहाजों पर साढ़े 4 हजार से ज्यादा भारतीय नाविक सवार हैं। वहीं, 12 मालवाहक जहाजों पर करीब 163 भारतीय नाविक सवार हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बीते दिनों साफ किया था कि जहाजों की आवाजाही और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर भारत लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने यह स्पष्ट किया था कि भारत विदेशों में अपने समुद्री समुदाय की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब फारस की खाड़ी, लाल सागर और काला सागर जैसे मुख्य समुद्री मार्गों में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं और वाणिज्यिक जहाजों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। 

उधर उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के खंदौली में अलीगढ़ हाईवे पर डंपर और कंटेनर में आमने-सामने की टक्कर के आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं, बाइक सवार दो युवकों सहित तीन लोग घायल हुए हैं। बताया गया है कि दो युवक बाइक से सब्जी लेने के लिए सादाबाद मंडी गए थे। जब वे लौट रहे थे इसी दौरान उनके आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। बाइक उसी में फंस गई। दोनों युवकों ने एक-दूसरे को ट्रक से बाहर निकाला। वहीं आगे चल रहे कंटेनर का चालक कूद कर जान बचाने में सफल रहा। हादसे के बाद डंपर में आग लग गई, जिसके कारण उसके चालक और क्लीनर की मौत हो गई है। पुलिस ने ड्राइवर सीट से एक शव निकाल लिया है। वहीं दूसरा शव निकालने का प्रयास किया गया है। पुलिस दोनों मृतकों की पहचान के प्रयास कर रही है। इस हादसे में दोनों बाइक सवार सुमित सिंह पुत्र प्रीतम सिंह, सीटू पुत्र दिवान सिंह निवासी नगला ज़ालिम खंदौली घायल हुए हैं।

इधर रामजन्मभूमि परिसर में शुक्रवार को दोपहर में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसका कारण खोजा जाने लगा तो पता चला कि राम मंदिर की उत्तर-पश्चिम दिशा में परकोटे के बाहर से गुजर रही गैस पाइपलाइन फट गई है। आनन-फानन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत रामलला सहित परिसर के सभी मंदिरों में दर्शन को रोक दिया गया और ग्रीन गैस लिमिटेड के अधिकारियों को सूचित किया गया। तकनीकी कर्मियों ने पाइप लाइन को ठीक करके रिसाव रोका। इस बीच लगभग आधे से पौन घंटे तक दर्शन स्थगित रखना पड़ा। हाल ही में सामने आए रसोई गैस सिलिंडर के संकट के दृष्टिगत रामजन्मभूमि परिसर में ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से गैस पाइप लाइन डाली गई थी। इसी के माध्यम से परिसर की सीता रसोई में भगवान के भोग निर्माण सहित अन्य कार्यों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का उपयोग हो रहा है। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को राम मंदिर में दर्शन सामान्य तरीके से चल रहा था, इसी बीच दोपहर में लगभग एक बजे अचानक परिसर में गैस की तीव्र गंध आनी शुरू हुई। सुरक्षा अधिकारियों ने इसका कारण खोजना शुरू किया, तो पता चला कि परिसर के उत्तरी हिस्से में स्थित ग्रीन हाउस के समीप जेसीबी से खोदाई के दौरान कुबेर टीला की ओर जाने वाले मार्ग के पास गैस की पाइप लाइन फट गई है।

उधर G7 देशों ने एक बड़ा फैसला लिया है। इन देशों ने अपने आपातकालीन भंडार से 10 करोड़ बैरल डीजल और कच्चा तेल जारी करने पर सहमति जताई है। साथ ही सभी देशों ने वादा किया है कि वे ऊर्जा के निर्यात पर कोई रोक नहीं लगाएंगे। यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के बाद लिया गया है। ट्रंप नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले ईंधन की बढ़ती कीमतों को कम करना चाहते हैं। यह भी साफ नहीं है कि नए समझौते का कितना तेल मार्च वाले समझौते के बचे हुए हिस्से से आएगा। अमेरिका ने यूरोपीय संघ पर दबाव बनाने की मुहिम चलाई थी। उसकी मांग थी कि यूरोपीय संघ अपने आपातकालीन डीजल भंडार से तेल निकाले। ट्रंप प्रशासन ने चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो अमेरिका डीजल के निर्यात पर रोक लगा सकता है। ऐसी रोक का यूरोप पर बड़ा असर पड़ सकता है। वजह यह है कि यूरोप अब अमेरिकी डीजल पर पहले से ज्यादा निर्भर हो गया है। अगर सप्लाई घटी तो यूरोपीय संघ को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। यह पहला मौका नहीं है जब तेल भंडार खोले गए हैं। ईरान युद्ध के बाद मार्च में अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी यानी IEA की अगुवाई में 40 करोड़ बैरल तेल जारी करने का समझौता हुआ था। यह अब तक की सबसे बड़ी आपातकालीन रिलीज थी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, रुड़की के भगवानपुर के प्रताप कॉलोनी में फायरिंग कर 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद के बाद समझौता करने के बहाने युवक को घर बुलाया गया, जहां तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे से गोली मार दी। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी और उसके पिता व भाई समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, भगवानपुर निवासी सागर ने तहरीर में बताया कि उसका भाई आदित्य राणा उर्फ आदि राणा एक अक्तूबर की रात करीब नौ बजे अपने दोस्तों के साथ फाइनेंस का कलेक्शन करने भगवानपुर गया था। वहां फाइनेंस के काम को लेकर आदित्य का लक्की शर्मा उर्फ रोहित से विवाद हो गया। दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि कुछ देर बाद लक्की शर्मा ने फोन कर आदित्य से समझौता करने की बात कही और उसे अपने घर बुलाया। इसके बाद आदित्य अपने दोस्तों के साथ प्रताप कॉलोनी स्थित लक्की के घर पहुंचा।

इधर उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस ने जीएमएस रोड पर कमला पैलेस के पास एक कंपनी के कार्यालय में चल रहे संदिग्ध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। जांच में कॉल सेंटर में अवैध सिम बॉक्स के जरिये कॉल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने कंपनी मैनेजर लक्ष्मण प्रसाद और रीजनल मैनेजर जगमोहन सिंह रावत को गिरफ्तार किया है। मौके से 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स, 45 सिम कार्ड, लैपटॉप, दो राउटर, दो एटीएम कार्ड समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि दूरसंचार विभाग से मिले इनपुट के आधार पर देहरादून में संदिग्ध सिम बॉक्स के संचालन की जांच शुरू की गई थी। संबंधित मोबाइल नंबरों के खिलाफ चक्षु पोर्टल और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शिकायतें भी मिली थीं। तकनीकी जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद एसटीएफ की टीम ने दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर कैरियर हाउस बिल्डिंग स्थित सिंह एसेट रिकॉन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (सार्स) के कार्यालय में छापा मारा।

उधर हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हाईवे पर दिल्ली नंबर की कार सवार चार युवकों पर महिलाओं के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और बदसलूकी करने का आरोप लगा है। आरोप है कि चारों युवक नशे की हालत में थे और महिलाओं के के साथ अभद्रता कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। महिलाओं की ओर से पुलिस को शिकायत भी दी गई जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। बताया गया कि महिलाओं का एक ग्रुप अपनी गाड़ी से यात्रा कर रहा था। उनके साथ कोई पुरुष नहीं था। आरोप है कि बहादराबाद टोल से पहले दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवक उनके पीछे लग गए। युवकों ने महिलाओं की गाड़ी को रोकने की कोशिश की और उनके साथ अभद्रता तथा गाली गलौज की। महिलाओं के विरोध करने के बावजूद युवक कथित तौर पर बदतमीजी करते रहे। इससे हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा तफरी की स्थिति बन गई। महिलाओं ने अभद्रता कर रहे कार सवारों की वीडियो बना ली। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में कर सवार चार लोग महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए नजर भी आ रहे हैं। वीडियो में महिलाएं उन पर नशे में होने का आरोप भी लग रही हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर हरिद्वार के कुछ आम नागरिकों ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को फोन कर मामले की सूचना दी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस तत्काल हरकत में आई। बहादराबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी से टीम मौके पर भेजी गई। पुलिस ने दिल्ली नंबर की कार को रोककर उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस कोतवाली ले गई।