नैनीताल में सनसनी: माल रोड के पास झील में तैरता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव,शिनाख्त में जुटी पुलिस
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चहल-पहल वाले माल रोड के समीप झील में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई, जिससे मौके पर लोगों का भारी हुजूम जमा हो गया। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर तुरंत पहुंची पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शव को झील से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है, और मौत के कारणों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार,यह पूरी घटना माल रोड स्थित प्रसिद्ध सीतापुर आई हॉस्पिटल और क्लासिक होटल के पास की है। प्रत्यक्षदर्शी संतोष कुमार, जो पेशे से स्थानीय टैक्सी और बाइक चालक हैं, ने बताया कि वे सुबह के समय वहीं पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर झील के पानी पर पड़ी, जहां उन्हें एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला और अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जब प्राथमिक विधिक कार्रवाई के तहत मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, तो उसकी जेब से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला जिससे उसका नाम-पता मालूम हो सके। पुलिस को मृतक की तलाशी के दौरान उसकी जेब से केवल एक सफेद रुमाल, गुटका और ₹15 नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि घटना ज्यादा पुरानी नहीं है। फिलहाल, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। पुलिस आसपास के होटलों, टैक्सी स्टैंडों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके। इसके साथ ही, जिले के अन्य थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और साजिश है, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।