नैनीताल से पाताल भुवनेश्वर घूमने गई नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, चलती टैक्सी से कूदकर बचाई जान, चालक गिरफ्तार
नैनीताल। देवभूमि की शांत वादियों में सैलानियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नैनीताल घूमने आई हरियाणा की 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ टैक्सी चालक ने ही दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी की हैवानियत से बचने के लिए किशोरी को चलती गाड़ी से छलांग लगानी पड़ी।
पुलिस के अनुसार बीते शुक्रवार को हरियाणा निवासी किशोरी ने नैनीताल से काठगोदाम के लिए टैक्सी बुक की थी। चालक लमगड़ा निवासी नंदन सिंह ने रास्ते में किशोरी से कहा कि काठगोदाम के बजाय वह उसे पाताल भुवनेश्वर घुमा लाता है। किशोरी उसके झांसे में आ गई। रात करीब 11 बजे जब टैक्सी पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र में गुप्तड़ी के पास पहुंची तो सुनसान इलाके का फायदा उठाकर चालक ने किशोरी से छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास किया।
अपनी इज्जत बचाने के लिए किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए चलती टैक्सी का दरवाजा खोला और नीचे कूद गई। इस दौरान उसे हल्की चोटें भी आईं। तभी वहां से गुजर रहे एक अन्य वाहन के लोगों ने उसकी चीख सुनी। पीड़िता ने उन लोगों को पूरी घटना बताई। जागरूक नागरिकों ने तत्काल किशोरी को साथ लेकर उसे नैनीताल कोतवाली पहुंचाया।
कोतवाल कैलाश चंद्र जोशी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75, 62, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि किशोरी किसी बात को लेकर घर से नाराज होकर भागी थी। पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। किशोरी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है और उसकी काउंसिलिंग की जा रही है। परिजनों के आने पर उसे उनके सुपुर्द किया जाएगा।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों में रोष है। उनका कहना है कि पर्यटन सीजन में बाहरी राज्यों से आने वाली लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए टैक्सी चालकों का सत्यापन और कड़ी निगरानी जरूरी है।