Aug 19, 2026 Login

रुद्रपुरः धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप! उत्तराखंड पुलिस का निलंबित कांस्टेबल अजीम खान फिर गिरफ्तार

Rudrapur: Suspended Uttarakhand Police constable Azim Khan arrested for inciting religious sentiments

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में उत्तराखंड पुलिस के निलंबित कांस्टेबल अजीम खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर भूतबंगला क्षेत्र स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में संदिग्ध वस्तु फेंककर माहौल बिगाड़ने की कोशिश का आरोप है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी और अब पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश बन गया था। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि धार्मिक स्थल को निशाना बनाकर किसी भी प्रकार की हरकत सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हो सकती है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। जानकारी के अनुसार भूतबंगला क्षेत्र स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में कुछ समय पूर्व एक संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इधर मामले की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी चिंताओं को सुना। विधायक ने पुलिस अधिकारियों से मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करने को कहा था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। जिसके बाद पुलिस ने निलंबित कांस्टेबल अजीम खान को गिरफ्तार कर लिया। रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ क्षेत्र का माहौल खराब करने के प्रयास से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश आगे की कार्यवाही की जायेगी।