री-नीट का रिजल्ट घोषित, 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल,पंजाब के आर्यन और हरियाणा के प्रांशुल बने देश के संयुक्त टॉपर
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा री-नीट यूजी-2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। भारी सुरक्षा और कड़े नियमों के बीच 21 जून को आयोजित हुई इस दोबारा परीक्षा में कुल 11.21 लाख अभ्यर्थियों को क्वालीफाई घोषित किया गया है। इस साल परीक्षा का कठिनाई स्तर काफी ऊंचा होने के कारण कोई भी छात्र परफेक्ट स्कोर (720/720) हासिल नहीं कर सका। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के प्रांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक प्राप्त कर देश में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया है। एजुकेशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस बार कट-ऑफ में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कट-ऑफ में 69 अंकों की भारी वृद्धि हुई है। अब इस श्रेणी में 213 अंक पाने वाले छात्रों को क्वालीफाई माना गया है। कट-ऑफ में 64 अंकों की बढ़ोतरी के साथ क्वालीफाइंग मार्क्स 177 अंक तय किए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 22.79 लाख पंजीकृत छात्रों में से करीब 20 लाख (87.75%) परीक्षा में शामिल हुए थे। राज्यवार प्रदर्शन में 1.7 लाख सफल छात्रों के साथ उत्तर प्रदेश शीर्ष पर रहा, जबकि सबसे कम 43 छात्र लक्षद्वीप से सफल हुए। सफलता के आंकड़ों में एक बार फिर फीमेल कैंडिडेट्स का वर्चस्व देखने को मिला है। कुल सफल उम्मीदवारों में 58 फीसदी से अधिक लड़कियां हैं। लड़कियों का सफलता प्रतिशत: 56.8%,लड़कों का सफलता प्रतिशत: 55.1% रहा। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि टॉप रैंक हासिल करने वाले 93 फीसदी छात्र ऐसे थे, जिन्होंने पहली बार में ही यह परीक्षा क्रैक की है, जबकि केवल 7 प्रतिशत रिपीटर थे। साथ ही, टॉपर्स में 99 फीसदी की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है।
अंकों के आधार पर देश के टॉपर्स का गणित
अंक सीमा सफल उम्मीदवारों की संख्या
700 से अधिक अंक 19 उम्मीदवार
690 से अधिक अंक 138 उम्मीदवार
650 और उससे अधिक 1,492 उम्मीदवार
600 और उससे अधिक 10,160 उम्मीदवार
500 और उससे अधिक 90,780 उम्मीदवार
कैटेगरी वाइज सफल अभ्यर्थियों का ब्यौरा
सामान्य (General): 2.91 लाख
एनटीए ने परिणाम के साथ ही फाइनल आंसर-की भी जारी कर दी है। इसके तहत फिजिक्स विषय में वर्नियर कैलिपर्स पर आधारित एक प्रश्न को ड्रॉप (निरस्त) कर दिया गया है, जबकि इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव्स से जुड़े एक अन्य प्रश्न के दो विकल्पों को सही माना गया है। केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषय पूरी तरह त्रुटिहीन रहे। छात्र एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर दिए गए दो सक्रिय लिंक्स के माध्यम से अपना एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज कर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। अब आगे क्या? एनटीए द्वारा ऑल इंडिया रैंक जारी किए जाने के बाद, अब सफल अभ्यर्थी मेडिकल काउंसलिंग कमेटी और संबंधित राज्यों के प्राधिकरणों के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस और आयुष पाठ्यक्रमों की सीटों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।