अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिले राहुल गांधी! 45 मिनट तक अकेले में की बातचीत, BJP-RSS को घेरा! बोले- चार साल बाद भी न्याय का इंतजार
देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से दिल्ली में मुलाकात की। राहुल गांधी की पोस्ट के मुताबिक ये मुलाकात दो दिन पहले हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी राहुल गांधी और कांग्रेस ने आज 15 अगस्त को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी। राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अंकिता भंडारी के परिवार से दो दिन पहले मिला। चार साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी वो न्याय का इंतज़ार कर रहे हैं। अपनी बच्ची के ख़िलाफ़ एक ऐसे अपराध के लिए जिसकी कोई माफी नहीं। राहुल गांधी ने आगे लिखा कि सिर्फ 19 साल की अंकिता वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं, जहां एक 'VIP' मेहमान की शर्मनाक मांग का विरोध करने पर चीला नहर में डुबो कर उनकी हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हिंसा और डुबोने के सबूतों की पुष्टि भी की। मगर, रिज़ॉर्ट में अंकिता के रूम को किसी भी तरह की जांच होने से पहले ध्वस्त कर दिया गया जो खुद में संदेहपूर्ण है। राहुल गांधी ने लिखा कि इस दुखद मामले में सबसे शर्मनाक बात है कि राज्य सरकार खुद आज तक उस 'VIP' को संरक्षण दे रही है, क्यों? क्योंकि वह BJP-RSS का बड़ा नेता है। यही BJP की विकृत मानसिकता है। बलात्कारियों और अपराधियों को बचाना, उनका राजनीतिक संरक्षण करना, यहां तक कि बलात्कार के दोषियों का फूल-मालाओं से स्वागत करना। दुनिया में सबसे घिनौने इंसान वो होते हैं जो बलात्कारियों की रक्षा करते हैं और BJP में ऐसे लोगों की भरमार है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत तब तक आगे नहीं बढ़ सकता, जब तक महिलाओं को पुरुषों के इस्तेमाल की वस्तु समझने वाली यह अमानवीय मानसिकता खत्म नहीं होती।
