प्रेम विवाह की कीमत मौतः उत्तराखण्ड में मामा ने भांजे पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार! रास्ते में ही तोड़ा दम, वारदात से इलाके में सनसनी
रुड़की। हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मामा की बेटी से प्रेम विवाह और निकाह करने से नाराज एक व्यक्ति ने अपने ही भांजे की दिनदहाड़े बीच बाजार चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ी गांव निवासी 27 वर्षीय मुनसिब ने करीब दो वर्ष पूर्व अपने मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग के बाद निकाह किया था। बताया जा रहा है कि परिवार की इच्छा के विरुद्ध हुए इस निकाह को लेकर मामा लगातार नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद चल रहा था। निकाह के बाद मुनसिब अपनी पत्नी के साथ अपने गांव में रह रहा था, लेकिन पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई।
बताया गया कि शुक्रवार 26 जून को मुनसिब भगवानपुर थाना क्षेत्र के हालूमाजरा गांव में घरेलू सामान खरीदने के लिए बाजार पहुंचा था। वह एक दुकान के बाहर खड़ा होकर सामान ले रहा था। इसी दौरान वहां उसका मामा भी पहुंच गया। आमना-सामना होते ही दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और फिर हिंसक झगड़े में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ते ही आरोपी ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और मुनसिब पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मुनसिब खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मुनसिब ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों और वारदात की पूरी तस्वीर सामने लाई जा सके। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक रंजिश और प्रेम विवाह का विरोध सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।