उत्तराखण्डः काशीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा! तेज रफ्तार टैंकर ने तीन छात्रों को रौंदा, 15 वर्षीय शिवम की मौत! सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

Uttarakhand: Tragic road accident in Kashipur! Speeding tanker runs over three students; 15-year-old Shivam killed. Police are examining CCTV footage.

काशीपुर। उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां आईटीआई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार टैंकर ने तीन स्कूली छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 15 वर्षीय छात्र शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने टैंकर और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। वह अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में चौथे स्थान पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल वासु और अक्षय आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। वासु उदय राजेंद्र इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र है। उसने उस दिन अपने विद्यालय से अवकाश लिया था और अपने दोनों साथियों को स्कूल छोड़ने के लिए स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने उनको टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों छात्र सड़क पर दूर जा गिरे। शिवम कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि शिवम के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और उसके चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। काशीपुर के क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस ने वाहन और चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।