उत्तराखण्डः 2027 चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा! रुद्रपुर पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, बोले- तीसरी बार बनेगी प्रचंड बहुमत की सरकार

Uttarakhand: BJP gears up for the 2027 elections! Cabinet Minister Madan Kaushik visits Rudrapur; asserts that a government with a massive majority will be formed for the third time.

रुद्रपुर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एक दिवसीय दौरे पर ऊधम सिंह नगर पहुंचे। रुद्रपुर के किच्छा रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। रुद्रपुर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती को चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। बैठक को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि वह मंत्री बनने से पहले भाजपा के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं और आज भी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो गांव से लेकर बूथ स्तर तक पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बीती रात नई दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन जिला, मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुख तक पूरी तरह सक्रिय है। इसी संगठनात्मक ढांचे के आधार पर भाजपा आगामी चुनाव में भी जनता के बीच जाएगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं के लगातार उत्तराखंड दौरे से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि विकास और कार्यों के आधार पर निर्णय लेती है। बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।