प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ी, वृंदावन में अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई पदयात्रा! दर्शन बंद होने से हजारों श्रद्धालु मायूस

Premananda Maharaj's health has deteriorated, and the pilgrimage to Vrindavan has been postponed indefinitely. Thousands of devotees are disappointed by the cancellation of darshan.

वृंदावन। वृंदावन के प्रसिद्ध संत और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य एक बार फिर बिगड़ गया है। अचानक तबीयत खराब होने के चलते उनकी प्रतिदिन होने वाली पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए उनके दर्शन भी फिलहाल रोक दिए गए हैं। इस खबर के बाद देशभर से वृंदावन पहुंचे हजारों भक्त निराश होकर लौटने को मजबूर हुए। रविवार देर रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे। हर दिन की तरह भक्तों को उम्मीद थी कि महाराज प्रातः तीन बजे केली कुंज आश्रम से पदयात्रा के लिए निकलेंगे और उन्हें दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। लेकिन सोमवार तड़के निर्धारित समय पर महाराज बाहर नहीं आए। कुछ देर बाद आश्रम से उनके शिष्य बाहर पहुंचे और लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को जानकारी दी कि महाराज जी अस्वस्थ हैं और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें विश्राम दिया गया है। शिष्यों ने बताया कि महाराज जी की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण आज से उनकी पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे सड़क किनारे भीड़ न लगाएं और व्यवस्था बनाए रखें।

यह सूचना सुनते ही वहां मौजूद हजारों भक्त मायूस हो गए और बिना दर्शन किए वापस लौटने लगे। आश्रम से जुड़े सूत्रों के अनुसार प्रेमानंद महाराज पिछले करीब 21 वर्षों से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। बावजूद इसके उन्होंने अपनी आध्यात्मिक दिनचर्या और श्रद्धालुओं से मिलने-जुलने का क्रम कभी बाधित नहीं होने दिया। लेकिन हाल के दिनों में स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव के चलते चिकित्सकों ने उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह दी है। बताया जाता है कि प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन सुबह केली कुंज आश्रम से सौभरी वन तक लगभग डेढ़ किलोमीटर की पदयात्रा करते हैं। इस दौरान हजारों श्रद्धालु सड़क किनारे खड़े होकर उनके दर्शन करते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उनकी पदयात्रा वृंदावन में आस्था का बड़ा केंद्र बन चुकी है, जिसमें देश-विदेश से भक्त शामिल होते हैं।

प्रेमानंद महाराज केवल आध्यात्मिक जगत में ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी बेहद लोकप्रिय हैं। यूट्यूब पर उनके लगभग 76 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर 24 लाख और फेसबुक पर 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनके प्रवचन और भक्ति संदेश लाखों लोगों को आध्यात्मिक प्रेरणा देते हैं। उनके अनुयायियों में कई नामचीन हस्तियां भी शामिल हैं। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, अभिनेता आशुतोष राणा, सांसद-अभिनेत्री हेमा मालिनी और गायक मिका सिंह सहित कई प्रसिद्ध हस्तियां उनके भक्तों में शामिल हैं। फिलहाल आश्रम प्रशासन ने पदयात्रा और दर्शन दोबारा कब शुरू होंगे, इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। श्रद्धालु महाराज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थनाओं का दौर जारी है।