प्रतीक यादव का निधनः किचन में एकाएक गिरे और फिर नहीं उठे! सदमे में यादव परिवार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार! करीबी ने बताई सुबह की पूरी घटना
लखनऊ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के अचानक निधन ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बुधवार सुबह हुई इस अप्रत्याशित घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि उनके करीबियों को भी झकझोर कर रख दिया। इस बीच अपर्णा यादव और प्रतीक यादव के बेहद करीबी बिजनेसमैन मुकेश बहादुर सिंह ने सुबह की घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया है और सोशल मीडिया पर फैल रही तमाम अटकलों को खारिज किया है। मुकेश बहादुर सिंह सुबह से पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद रहे। उनके साथ अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट भी लगातार परिवार के संपर्क में बने हुए हैं। मुकेश ने बताया कि बुधवार सुबह अचानक प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ी और वह घर के किचन में बेसुध होकर गिर पड़े। घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने बताया कि परिवारजन तुरंत उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने तत्काल उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया, लेकिन जांच के दौरान शरीर में जीवन के कोई संकेत नहीं मिले। डॉक्टरों के अनुसार उनकी पल्स नहीं चल रही थी और आंखें पूरी तरह फिक्स हो चुकी थीं। शुरुआती जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जो कयास लगाए जा रहे हैं, वे गलत हैं
प्रतीक यादव के निधन के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगाने लगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुकेश बहादुर सिंह ने कहा कि लोग बिना तथ्य जाने गलत बातें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने बॉडी को करीब से देखा है। जो बातें सोशल मीडिया पर कही जा रही हैं, वे सही नहीं हैं। डॉक्टर बेहतर जानते हैं, इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए। मुकेश ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं देखे और न ही शरीर का रंग नीला पड़ा हुआ था। उनके मुताबिक, अफवाहों पर भरोसा करने के बजाय मेडिकल रिपोर्ट आने तक इंतजार करना ही सही होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
अस्पताल प्रशासन और परिवार दोनों की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने कहा कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हार्ट अटैक या किसी अन्य मेडिकल कारण को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अपर्णा यादव लगातार परिवार के संपर्क में
घटना के बाद से अपर्णा यादव लगातार फोन पर परिवार और करीबियों के संपर्क में बनी हुई हैं। पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद मुकेश बहादुर सिंह के फोन पर बार-बार अपर्णा यादव का कॉल आता रहा। बताया गया कि अपर्णा यादव फ्लाइट से लखनऊ के लिए रवाना हुईं और दोपहर करीब डेढ़ बजे तक उनके पहुंचने की संभावना जताई गई। परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक, इस अचानक हुई घटना से अपर्णा यादव बेहद सदमे में हैं।
अखिलेश यादव बोले- परिवार इस दुख में साथ खड़ा है
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पोस्टमार्टम हाउस से निकलने के बाद भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रतीक यादव अपने स्वास्थ्य के प्रति काफी जागरूक थे और बिजनेस में बेहद सक्रिय रहते थे। अखिलेश यादव ने कहा कि कई बार बिजनेस में नुकसान व्यक्ति को मानसिक रूप से प्रभावित कर सकता है। करीब दो महीने पहले मेरी प्रतीक से मुलाकात हुई थी। मैंने उससे कहा था कि वह अपने काम पर ध्यान दे। वह बहुत अच्छा लड़का था। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार इस कठिन समय में एकजुट होकर खड़ा है और आगे परिवार जो भी निर्णय करेगा, उसी के अनुसार कानूनी और सामाजिक स्तर पर कदम उठाए जाएंगे।