‘Poor Lady… अंत तक तो थक गईं’! राष्ट्रपति के भाषण पर सोनिया गांधी के बयान से बवाल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

नई दिल्ली। आज से संसद का बजट सत्र शुरू हो गया है। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपना अभिभाषण दिया। उनका यह भाषण खासा लंबा रहा और उन्होंने कई मुद्दों पर विस्तार से बात की। लेकिन अब कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुर्मू के भाषण पर एक बयान दिया है, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। असल में मीडिया ने सोनिया गांधी से जानना चाहा था कि वे राष्ट्रपति मुर्मू के भाषण के बारे में क्या बोलना चाहती हैं। इस पर पहले तो सोनिया ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया, लेकिन फिर उन्होंने राहुल गांधी की तरफ देखकर बोला- Poor Lady, वो अंत तक तो काफी थक गई थीं। अब सोनिया ने तो ऐसा तंज कसा ही, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी राष्ट्रपति के भाषण को बोरिंग बता दिया, वे यहां तक कहते सुनाई दिए कि उन्होंने बार-बार पुरानी बातों को रिपीट किया। इसके बाद राहुल गांधी ने प्रियंका को बोला- Nice Saree। अब यह पूरी बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुकी है। सबसे ज्यादा चर्चा सोनिया के बयान की है क्योंकि पहले भी बीजेपी आरोप लगा चुकी है कि कांग्रेस ने एक आदिवासी राष्ट्रपति का अपमान किया। अब सोनिया के बयान पर भी सियासत गरमा सकती है।