पेपर लीक पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: दोषियों को तुरंत सजा दिलाने के लिए बनेंगी फास्ट ट्रैक कोर्ट
नई दिल्ली। देश भर में जारी पेपर लीक विवाद और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में संदेश दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घोषणा की है कि पेपर लीक के सभी मामलों के त्वरित निस्तारण और दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतोंका गठन किया जाएगा।
बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा-देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने और मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि इस बाबत संबंधित मंत्रालयों, विभागों और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक कदम उठाने के सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने इस निर्णय को विद्यार्थियों के हितों की रक्षा में एक मील का पत्थर बताया। प्रधानमंत्री की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में हजारों छात्र और युवा सड़कों पर उतरे हुए हैं। देश भर में भर्ती परीक्षाओं और नीट जैसे पेपर लीक प्रकरणों को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश है। सरकार के इस ताजा फैसले से साफ है कि केंद्र सरकार अब पेपर लीक माफिया पर सीधा प्रहार करने और अदालती प्रक्रिया में होने वाली देरी को खत्म करने के मूड में है, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके।