खबर दिल्ली सेः आज शपथ लेंगी आतिशी! राष्ट्रपति ने मंजूर किया केजरीवाल का इस्तीफा, कैबिनेट में 4 पुराने मंत्रियों समेत एक नया चेहरा

News from Delhi: Atishi will take oath today! President accepts Kejriwal's resignation, a new face including 4 old ministers in the cabinet

नई दिल्ली। आप नेता आतिशी आज 21 सितंबर को शाम साढ़े चार बजे अपने मंत्रिमण्डल के साथ शपथ ले सकती हैं। खबरों के मुताबिक राष्ट्रपति ने अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा मंजूर करते हुए आम आदमी पार्टी नेता आतिशी को दिल्ली की मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही राष्ट्रपति ने 5 मंत्रियों की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है। सभी को शपथ ग्रहण समारोह के लिए आज 21 सितंबर को राजभवन बुलाया गया है। बता दें कि आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। शपथ ग्रहण समारोह में केजरीवाल, सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल होंगे। 
43 साल की आतिशी कालकाजी सीट से तीन बार की विधायक हैं। आतिशी दिल्ली की सबसे युवा मुख्यमंत्री होने का केजरीवाल का रिकॉर्ड भी तोड़ेंगी। आतिशी 43 साल की हैं, जबकि 2013 में पहली बार मुख्यमंत्री बनने के समय केजरीवाल 45 साल के थे। आप विधायकों ने 17 सितंबर को केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी का नाम सीएम के रूप में फाइनल किया था। राष्ट्रपति मुर्मू ने 20 सितंबर को केजरीवाल के इस्तीफे को स्वीकार करने के साथ आतिशी को सीएम नियुक्त करने की इजाजत दी। आतिशी के साथ आप के 5 विधायक- गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत मंत्री पद की शपथ लेंगे। कैबिनेट में मुकेश अहलावत एकमात्र नया चेहरा होंगे। बाकी 4 नेता केजरीवाल कैबिनेट में भी मंत्री रह चुके हैं। अहलावत को आप विधायक राजकुमार आनंद की जगह कैबिनेट में जगह मिली है। आनंद ने लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा जॉइन कर ली थी। वे केजरीवाल कैबिनेट में सामाजिक कल्याण मंत्री थे।