चोरी का नया 'ट्रेंड': बोकारो में सेल कर्मी के बंद घर से 3.50 लाख के जेवर-नकदी साफ,जाते-जाते चोरों ने दरवाजे पर जड़ दिया 'अपना ताला'

New 'trend' in theft: Jewelry and cash worth ₹3.50 lakh stolen from a SAIL employee's locked house in Bokaro; thieves even affixed 'their own lock' to the door before leaving.

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले से चोरी का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम जनता दोनों को सोच में डाल दिया है। जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने न सिर्फ एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया, बल्कि वारदात के बाद मकान मालिक के ताले को बदलकर दरवाजे पर अपना नया ताला जड़कर फरार हो गए। चोरों की इस अनोखी चालाकी के पीछे का मकसद यह था कि मकान मालिक और पड़ोसियों को चोरी की भनक तक न लगे और उन्हें भागने का पूरा समय मिल जाए। पुलिस अब इस 'नया ट्रेंड' अपनाने वाले गिरोह की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-12 सी निवासी वकील प्रसाद महली (सेल कर्मी) बुधवार को अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर अपने पैतृक गांव गए थे। दो दिन बाद जब वे वापस लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे का नजारा देखकर दंग रह गए। उनके दरवाजे पर वह ताला नहीं था जो वे लगाकर गए थे, बल्कि किसी दूसरे ब्रांड का ताला लटका हुआ था। अनहोनी की आशंका के चलते जब उन्होंने उस ताले को तोड़ा और घर के भीतर दाखिल हुए, तो उनके होश उड़ गए। अंदर अलमारियां टूटी हुई थीं और सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित सेल कर्मी ने बताया कि उन्होंने बीते 5 जुलाई को ही इस नए आवास में शिफ्ट किया था। चोरों ने बड़ी बेरहमी से उनके नए आशियाने को खंगाला और घर में रखी नकदी समेत सोने-चांदी के कीमती जेवरात उड़ा लिए। पीड़ित के अनुसार, कुल मिलाकर करीब साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी हुई है। चोरों ने इस पूरी वारदात को इतनी खामोशी से अंजाम दिया कि पड़ोसियों को भी भनक नहीं लगी और जाते-जाते वे अपना ताला लगाकर तसल्ली से फरार हो गए। घटना की लिखित शिकायत मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस और सिटी डीएसपी राजीव रंजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मामले की जांच तेज कर दी है। सिटी डीएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सेल कर्मी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कॉलोनी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ताला लेकर आए इन शातिर चोरों का रूट क्या था।