सरोवर नगरी नैनीताल एक बार फिर पर्यटकों की भारी भीड़ से गुलजार हो उठी है। दीपावली के बाद पड़े लंबे वीकेंड के चलते देशभर से पर्यटक नैनीताल, भीमताल, मुक्तेश्वर और कैंची धाम जैसे पर्यटक स्थलों का रुख कर रहे हैं। पर्यटकों की भीड़ ने जहां पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर खुशी ला दी है, वहीं दूसरी ओर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं।

नैनीताल पहुंचे पर्यटकों ने नैनी झील में नौकायन का आनंद लिया, तो हिमालय दर्शन, लवर्स पॉइंट, और स्नो व्यू जैसे पर्यटक स्थलों पर भी खासी चहल-पहल देखी गई। दिल्ली से आए कुछ पर्यटकों ने बताया कि दीपावली के दौरान आतिशबाजी के कारण दिल्ली में बढ़े प्रदूषण और धुंध से बचने के लिए उन्होंने नैनीताल का रुख किया। वे यहां की स्वच्छ हवा और प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठा रहे हैं। पर्यटकों की इस भारी आमद से नगर की पार्किंग भी पूरी तरह भर गई है, जिससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
पर्यटन कारोबारियों के लिए यह मौसम किसी बोनस से कम नहीं है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि दीपावली से पहले उन्हें इतने बड़े पैमाने पर पर्यटकों की उम्मीद नहीं थी, और इस अप्रत्याशित उछाल ने उनके व्यवसाय को नई गति दी है।

हालांकि, पर्यटकों की इस भारी भीड़ ने नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को चरमरा दिया है। खासकर नैनीताल और कैंची धाम मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, और सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए कई कदम उठाए हैं। नैनीताल, माल रोड, और कैंची धाम रूट पर शटल सेवा शुरू की गई है, साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
हर साल दीपावली के बाद नैनीताल में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होता है, लेकिन इस बार लंबी छुट्टियों के कारण यह भीड़ उम्मीद से कहीं अधिक है। प्रशासन का कहना है कि शटल सेवाओं और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से यातायात को सुगम बनाने की पूरी कोशिश की जा रही है।






