नैनीताल: जिले में आपदा से निपटने की तैयारी! मॉक ड्रिल के लिए पांच स्थानों पर बनाए गए स्टेजिंग एरिया

Nainital: Preparations in the district to tackle disasters! Staging areas set up at five locations for a mock drill.

नैनीताल। जनपद में प्रस्तावित आपदा पूर्वाभ्यास (मॉक ड्रिल) को लेकर प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में स्टेजिंग एरिया, निकटतम चिकित्सालय, हेलीपैड और राहत एवं बचाव कार्यों में शामिल विभागों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है। इसका उद्देश्य किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है।
जारी की गई सूची के अनुसार गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को प्रमुख स्टेजिंग एरिया के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां से राहत एवं बचाव दलों का संचालन किया जाएगा। इस क्षेत्र के लिए बेस अस्पताल तथा सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी को निकटतम चिकित्सा संस्थान के रूप में नामित किया गया है, जबकि गौलापार हेलीपैड का उपयोग हवाई सहायता के लिए किया जाएगा।
इसी प्रकार कोसी नदी का दायां तट क्षेत्र, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कालाढूंगी, आदर्श इंटर कॉलेज संजय नगर बिन्दुखत्ता तथा फ्लैट्स मैदान मल्लीताल नैनीताल को भी आपदा प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण स्टेजिंग एरिया के रूप में शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों के लिए संबंधित अस्पतालों और हेलीपैडों की पहचान पहले से कर ली गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता और हवाई निकासी की व्यवस्था की जा सके।
मॉक ड्रिल में पुलिस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ, नगर निकाय, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, आपदा मित्र, एनएसएस, एनसीसी, जल पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से भाग लेंगी। प्रशासन का मानना है कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आपदा के दौरान प्रतिक्रिया समय को कम करने के लिए इस तरह के पूर्वाभ्यास अत्यंत आवश्यक हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मॉक ड्रिल के माध्यम से न केवल राहत एवं बचाव तंत्र की वास्तविक क्षमता का परीक्षण किया जाएगा, बल्कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का भी आकलन किया जाएगा।