Aug 28, 2026 Login

नैनीताल: दुर्गा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा के साथ मां दुर्गा की भक्ति में डूबा नैनीताल

Nainital: Durga Festival begins with grand ceremony, Nainital immersed in devotion to Goddess Durga with Kalash Yatra

नैनीताल। नैनीताल में सर्बजनिन दुर्गा पूजा कमेटी के तत्वावधान में रविवार को 69 वां दुर्गा महोत्सव का भव्य शुभारंभ नयना देवी मंदिर परिसर से कलश यात्रा के साथ हुआ। नैनीताल का दुर्गा महोत्सव बंगाली और कुमाऊँनी संस्कृति का एक अनूठा सांस्कृतिक संगम है, जहाँ बंगाली समुदाय के लोग दुर्गा पूजा का पारंपरिक उत्सव मनाते हैं और स्थानीय कलाकार अपनी कुमाऊँनी संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं जो भक्तों के बीच एकता और उल्लास का संदेश देता है।

आज सुबह शुभ मुहूर्त में कलश यात्रा शुरू हुई जिसमें पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मां दुर्गा के जयघोष के साथ शोभायात्रा निकाली। स्कूली बच्चों ने रंग-बिरंगी सांस्कृतिक झांकियों के साथ उत्साह बढ़ाया, जबकि बैंड-बाजों की धुनों ने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। यह यात्रा मल्लीताल पंत पार्क, रिक्शा स्टैंड, खड़ी बाजार होते हुए नयना देवी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। 

शोभायात्रा में बच्चों और कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा और क्षेत्रीय संस्कृति की झलक को जीवंत किया। मंदिर परिसर में सायंकाल मां दुर्गा की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न होगी,साथ रोजाना ढोल-नगाड़ों के बीच मां की संध्याकालीन धनुचा आरती की जाएगी, जो कि इस उत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

दुर्गा महोत्सव, जिसे नवरात्रि के रूप में भी जाना जाता है, मां दुर्गा की नौ स्वरूपों की पूजा का पवित्र पर्व है। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है।

नैनीताल में दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन वर्ष 1956 से हो रहा है। नैनीताल में यह उत्सव हर साल भक्तों के बीच उत्साह और एकता का संदेश लेकर आता है। मां दुर्गा की भव्य मूर्तियां, भक्ति भजनों की स्वरलहरियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस पर्व को और भी विशेष बनाते हैं।यह उत्सव न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूत करता है नैनीतालवासियों के लिए यह पर्व भक्ति, उत्साह और एकता का अनुपम संगम है।

कलश यात्रा में मंजू पांडे, मुन्नी भट्ट, अनुराधा भट्ट, कुसुम लता सनवाल, रश्मी राणा, निभा वर्मा, सरिता कुरिया, सीमा पांडे, सुमन साह, डौली भट्टाचार्य, मंजू बोरा, कविता कांडपाल सहित कमेटी के अध्यक्ष बहादुर सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल, महासचिव उमेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, दिनेश भट्ट, पीके शर्मा, आलोक सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।