Sep 24, 2026 Login

नैनीताल: नंदा-सुनंदा महोत्सव के अंतिम दिन मेले में बवाल! पकौड़ी की दुकान पर विवाद के बाद चले कुर्सियां और हेलमेट, मारपीट का वीडियो वायरल

Nainital: Chaos at the fair on the final day of the Nanda-Sunanda Festival! Chairs and helmets were hurled following a dispute at a *pakodi* stall; a video of the altercation has gone viral.

नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा महोत्सव के अंतिम दिन नैनीताल के मेला परिसर में अचानक हुए विवाद से अफरा-तफरी मच गई। पकौड़ी की दुकान पर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई और कथित तौर पर कुर्सियां और हेलमेट भी चले। अचानक हुए हंगामे से मेला परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग आपस में विवाद और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की भी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। महोत्सव के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मेला परिसर में मौजूद थे। ऐसे में अचानक हुए विवाद से मेले की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हुए हैं। मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई और विवाद के कारणों को लेकर अभी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।