उत्तराखंड में फिर चुनावी हुंकार भरने को तैयार मोदी! रुद्रपुर से करेंगे जनसभा की शुरुआत! जानें किस दिन आ रहे पीएम
देहरादून। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भाजपा ने देवभूमि उत्तराखंड में स्टार वार को लेकर कसरत शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य राष्ट्रीय नेता न केवल यहां हुंकार भरेंगे, बल्कि विकास की गारंटी भी देंगे।
उत्तराखंड में पहले चरण के लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान के लिए चुनाव आयोग ने तैयारी कर ली है। 19 अप्रैल को चुनाव होना तय किया है। ऐसे में राजनीति पार्टियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। सभी पार्टियों के स्टार प्रचारकों का कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दो अप्रैल को उत्तराखंड आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2024 की घोषणा होने के बाद पीएम मोदी का उत्तराखंड में ये पहला चुनावी कार्यक्रम होगा। इस दिन वह नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय सीट के अंतर्गत रुद्रपुर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। जिसको लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी कमर कस ली है। बीजेपी के तमाम नेता और पार्टी कार्यकर्ता रैली की तैयारियों में जुट गए हैं।
माना जा रहा है कि 19 अप्रैल से पहले पीएम मोदी उत्तराखंड में तीन से चार रैली कर सकते हैं। जिसमें दो कुमाऊं और दो गढ़वाल मंडल में हो सकती हैं। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड के बाद पीएम मोदी सीधे राजस्थान चुनावी जनसभा को संबोधित करने रवाना होंगे।
इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन अप्रैल को पिथौरागढ़ और देहरादून जिले के विकासनगर में जनसभा करेंगे। उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीटों पर प्रचार के लिए सबसे ज्यादा डिमांड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की सबसे अधिक मांग है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि पीएम मोदी का जादू इसबार भी क्या मतदाताओं पर कायम रहता है या फिर कांग्रेस सेंधमारी करने में कामयाब होती है।