सैन्य अस्पताल रुड़की में सामूहिक हाथ स्वच्छता अभ्यास! रिकॉर्ड बनाने का दिखा जज्बा
रुड़की। आर्म फोर्सेज मेडिकल सर्विसेज की ओर से देशभर में आयोजित सामूहिक हाथ स्वच्छता अभ्यास के तहत गुरुवार सुबह रुड़की स्थित सैन्य अस्पताल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 7:45 बजे आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य भारत और एशिया की बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में हाथ स्वच्छता अभ्यास का रिकॉर्ड स्थापित करना रहा। घने कोहरे के बावजूद सैन्य अस्पताल परिसर में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सैन्य एवं चिकित्सा अधिकारी, जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ), सैन्य नर्सिंग सेवा की परिचारिका अधिकारी तथा जवानों ने सहभागिता की। यह आयोजन सैन्य नर्सिंग सेवा के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। अभ्यास का शुभारंभ सैन्य अस्पताल के कमांडेंट ब्रिगेडियर गुरप्रीत सिंह भाटिया तथा रुड़की कैंट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिग्विजय सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल कंचन ने देशव्यापी हाथ स्वच्छता प्रोटोकॉल अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हाथों की स्वच्छता रोगी सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण की दिशा में सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा संस्थानों में हाथ स्वच्छता प्रोटोकॉल को सख्ती से अपनाकर संक्रमण की रोकथाम को मजबूत करना है। इसके पश्चात मेजर अंजू एंटनी ने हाथ स्वच्छता के छह चरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों ने पूरी सजगता और अनुशासन के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अभ्यास में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक प्रयास, समन्वय और जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। सैन्य अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इस तरह के अभ्यास न केवल रिकॉर्ड बनाने की दिशा में कदम हैं, बल्कि चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्ता, सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।